प्रयागराज। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ साधु-संतों ने भी प्रयागराज के अरैल घाट के संगम नोज पर आस्था की डुबकी लगाई। उनके साथ में मुख्यमंत्री योगी ने भी संगम में डुबकी लगाई। उनके साथ उनके बेटे जय शाह, योग गुरु बाबा रामदेव भी थे, जिन्होंने संगम में डुबकी लगाई। इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
महाकुंभ 2025 के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रयागराज के संगम में साधु-संतों के साथ सोमवार को पवित्र स्नान किया. इससे पहले उन्होंने संतों के साथ चर्चा भी की. उनके आगमन को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की थीं, और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया. अमित शाह सबसे पहले सेल्फी पॉइंट अरैल घाट पहुंचे और फिर अपने परिवार के साथ संगम स्नान के लिए रवाना हुए.
स्नान के बाद अमित शाह ने गंगा पूजन में भाग लिया, जिसमें साधु-संतों ने विधिवत पूजा संपन्न करवाई. इस दौरान उन्होंने मछलियों को दाना भी डाला और अपने पोते को संतों से आशीर्वाद दिलवाया. संगम—जहां गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती मिलती हैं—सनातन धर्म में मोक्ष प्राप्ति और आत्मशुद्धि का प्रतीक माना जाता है. केंद्रीय गृह मंत्री ने इस पावन अवसर पर स्नान कर भारत की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं का सम्मान किया.
अमित शाह ने सोशल मीडिया एक्स हैंडल पर इससे पहले पोस्ट किया था कि “‘महाकुंभ’ सनातन संस्कृति की अविरल धारा का अद्वितीय प्रतीक है. कुंभ समरसता पर आधारित हमारे सनातन जीवन-दर्शन को दर्शाता है. आज धर्म नगरी प्रयागराज में एकता और अखंडता के इस महापर्व में संगम स्नान करने और संतजनों का आशीर्वाद लेने के लिए उत्सुक हूं.”
गुजरात दौरे के दौरान भी अमित शाह ने महाकुंभ की महत्ता पर जोर देते हुए सभी से इसमें भाग लेने का अनुरोध किया था. उन्होंने कहा था कि कुंभ शांति और सौहार्द का संदेश देता है, जहां धर्म, जाति या संप्रदाय के भेदभाव के बिना सभी का स्वागत होता है. शाह के अनुसार, कुंभ जैसा एकता का संदेश दुनिया के किसी अन्य आयोजन में नहीं देखने को मिलता. उन्होंने विशेष रूप से गुजरात के युवाओं से इस आध्यात्मिक आयोजन में शामिल होकर दिव्य अनुभूति प्राप्त करने की अपील की थी.
- शायरी और सुरों का अलौकिक संगम: जावेद अख्तर और मोहम्मद वकील लेकर आए नई रूहानी ग़ज़ल ‘बाज़ाहिर क्या है’ - October 27, 2026
- नितेश तिवारी की ‘रामायण’ के लिए यश का बड़ा मास्टरस्ट्रोक: कर्नाटक में फिल्म के डिस्ट्रीब्यूशन की कमान संभालेंगी ‘मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस’ - October 27, 2026
- यशराज फिल्म्स की नई फिल्म ‘बेपरवाह’ का ऐलान: अहान पांडे और शरवरी की फ्रेश जोड़ी बड़े पर्दे पर मचाएगी धमाल - October 27, 2026