ढेरहन बाबू तारा में होली की धूम: भूषण फैमिली फाउंडेशन के मिलन समारोह में भजनों और रंगों की बरसी फुहार

PRESS RELEASE

खीरी (प्रयागराज)। प्रयागराज के ग्राम ढेरहन बाबू तारा में भूषण फैमिली फाउंडेशन की ओर से आयोजित ‘होली मिलन समारोह’ ने क्षेत्र में उमंग और उल्लास का रंग भर दिया। इस भव्य कार्यक्रम में जहाँ एक ओर लोक गायकों ने फाल्गुनी गीतों से समां बांधा, वहीं दूसरी ओर समाज सेवा के संकल्प को भी दोहराया गया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सराबोर हुई शाम

समारोह के दौरान आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम में विख्यात गायक रितेश मिश्र और बृजेश मिश्र (पयासी बंधू) की जोड़ी ने अपनी सुरीली आवाज से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके साथ ही श्री हरीदास पंडित, सूरज सरगम, रोहित सिंह कुशवाहा, अजय कुशवाहा और संतोष सिंह ने एक से बढ़कर एक भजन और पारंपरिक होली गीत प्रस्तुत किए, जिस पर स्थानीय ग्रामीण जमकर थिरके।

सेवा कार्यों की हुई प्रशंसा

कार्यक्रम में मुख्य रूप से मौजूद समाजसेवी श्रीनाथ सिंह ने फाउंडेशन के कार्यों की सराहना करते हुए कहा, “भूषण फैमिली फाउंडेशन गांव के विकास के लिए सराहनीय कार्य कर रहा है। सिलाई-कटाई प्रशिक्षण से लेकर स्कूलों में मुफ्त पुस्तक वितरण तक, संस्था का हर सदस्य बधाई का पात्र है।”

प्रेम और एकता का संदेश

​फाउंडेशन के संस्थापक संजय भूषण पटियाला ने सभी को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा, “होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि प्रेम, एकता और भाईचारे का प्रतीक है। हमारा उद्देश्य इस माध्यम से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना और आपसी सौहार्द को बढ़ावा देना है।”

कलाकारों का हुआ सम्मान

समारोह के अंत में भूषण फैमिली फाउंडेशन की ओर से सभी आगंतुक कलाकारों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया और एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर सुख-समृद्धि की कामना की।

Dr. Bhanu Pratap Singh