मुंबई (अनिल बेदाग़): आर्थिक राजधानी मुंबई में आयोजित ‘पल्स 2026’ समिट ने महाराष्ट्र को वैश्विक मानचित्र पर एक प्रमुख हेल्थकेयर और रिकवरी हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में शंखनाद कर दिया है। दो दिवसीय इस भव्य शिखर सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ‘विजन 2047’ की रूपरेखा साझा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि महाराष्ट्र का लक्ष्य केवल मेडिकल सुविधाएं देना ही नहीं, बल्कि स्वास्थ्य क्षेत्र को नवाचार (Innovation), निवेश और आर्थिक प्रगति का सबसे मजबूत आधार बनाना है।
दशक की दिशा तय करेगा पल्स 2026
संबोधन के दौरान देवेंद्र फडणवीस ने कहा, “यह महज एक सम्मेलन नहीं है, बल्कि अगले दशक के लिए हेल्थकेयर के विकास का ब्लूप्रिंट है।” उन्होंने सरकार की दूरगामी रणनीति पर प्रकाश डालते हुए बताया कि राज्य का संकल्प हर नागरिक को उनके घर से महज 5 से 8 किलोमीटर के दायरे में सस्ती, सुलभ और उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
तकनीक और समावेशी विकास पर जोर
इस समिट में डिजिटल हेल्थ, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), क्लीनिकल इनोवेशन और मेडिकल एजुकेशन जैसे आधुनिक विषयों पर गहन मंथन हुआ। कार्यक्रम में उपस्थित सुनेत्रा पवार ने तकनीक को भविष्य की कुंजी बताते हुए कहा कि ‘पल्स 2026’ एक ऐसा प्लेटफॉर्म है जो सहयोग के माध्यम से अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का मार्ग प्रशस्त करता है।
मेडिकल टूरिज्म और इंफ्रास्ट्रक्चर को नई उड़ान
वहीं, हसन मुशरिफ़ और माधुरी मिसल ने चिकित्सा शिक्षा, बुनियादी ढांचे और मेडिकल टूरिज्म को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया। नीति-निर्माताओं, उद्योग जगत के विशेषज्ञों और शिक्षाविदों को एक मंच पर लाकर पल्स 2026 ने न केवल वैचारिक चर्चा को गति दी है, बल्कि महाराष्ट्र को हेल्थकेयर ट्रांसफॉर्मेशन के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाने की मजबूत नींव भी रख दी है।
- आगरा डीएम का स्कूलों को अल्टीमेटम: वेबसाइट पर डालें फीस और ड्राइवरों का ब्यौरा, मनमानी की तो रद्द होगी मान्यता - March 29, 2026
- आगरा जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी की बड़ी पहल: आगरा की जेलों में लगेगा स्पेशल कैंप, दिव्यांग कैदियों की होगी मदद - March 29, 2026
- आगरा के धांधूपुरा में कबाड़ गोदाम बना आग का गोला: आसमान में छाया काला धुआं, लाखों का सामान राख - March 29, 2026