जेवर में गूँजा ‘हर-हर महादेव’: सीएम योगी बोले— “पीएम मोदी के विजन से जेवर बना ग्लोबल हब, किसानों के त्याग से खिंची विकास की नई लकीर”

REGIONAL

​नोएडा: जेवर की धरती पर शनिवार को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण के ऐतिहासिक उद्घाटन के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भव्य स्वागत किया। ‘भारत माता की जय’ और ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष के साथ अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए सीएम योगी ने इस एयरपोर्ट को ‘नए भारत’ की शक्ति और संकल्प का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के यशस्वी नेतृत्व में उत्तर प्रदेश अब विकास की बाधा नहीं, बल्कि देश के विकास का ‘ग्रोथ इंजन’ बन चुका है।

​”अस्थिर दुनिया में भारत की स्थिरता का मंत्र हैं पीएम मोदी”

​मुख्यमंत्री योगी ने वैश्विक संकटों के बीच भारत की मजबूत स्थिति का श्रेय प्रधानमंत्री को दिया। उन्होंने कहा “आज जब दुनिया के कई देश युद्ध, अस्थिरता और पेट्रोलियम उत्पादों की बढ़ती कीमतों से त्रस्त हैं, तब प्रधानमंत्री मोदी के कुशल प्रबंधन से भारत सुरक्षित और स्थिर है।”

सीएम ने एक्साइज ड्यूटी घटाने जैसे फैसलों के लिए पीएम का आभार जताते हुए कहा कि ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना ने ही भारत को आज हर क्षेत्र में अग्रणी बनाया है।

​शिलान्यास से उद्घाटन तक: ‘डबल इंजन’ की रफ्तार

सीएम योगी ने रिकॉर्ड समय में प्रोजेक्ट पूरा होने पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा “25 नवंबर 2021 को इस एयरपोर्ट का शिलान्यास हुआ था और आज इसके पहले चरण का उद्घाटन हो रहा है। यह इस बात का जीवंत प्रमाण है कि डबल इंजन की सरकार जिस कार्य का संकल्प लेती है, उसे समयबद्ध तरीके से सिद्ध भी करती है।”

उत्तर भारत का सबसे बड़ा ‘लॉजिस्टिक और कनेक्टिविटी हब’

​मुख्यमंत्री ने एयरपोर्ट के भविष्य का खाका खींचते हुए इसके आर्थिक लाभ गिनाए कहा ​यह एयरपोर्ट यमुना एक्सप्रेसवे, ईस्टर्न पेरिफेरल और गंगा एक्सप्रेसवे के संगम पर स्थित है। भविष्य में इसे हाई-स्पीड रेल से भी जोड़ा जाएगा। एयरपोर्ट के आने से सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, एमएसएमई और मेडिकल डिवाइस पार्क जैसे क्षेत्रों में भारी निवेश आएगा।
मुख्यमंत्री में कहा इस परियोजना से पश्चिमी यूपी के लाखों युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के द्वार खुलेंगे।

किसानों का विशेष आभार और पुनर्वास की मिसाल

योगी आदित्यनाथ ने उन किसानों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की जिन्होंने राष्ट्र निर्माण के लिए अपनी भूमि दी।उन्होंने कहा “समयबद्ध मुआवजा और पारदर्शी पुनर्वास नीति के जरिए किसानों को इस विकास यात्रा का सहभागी बनाया गया है। बिना किसी विवाद के इतना बड़ा प्रोजेक्ट पूरा होना किसानों के सहयोग का परिणाम है।”

​वैश्विक बाजार से सीधा जुड़ाव

​सीएम ने अंत में कहा कि आने वाले समय में यहाँ कई रनवे विकसित किए जाएंगे, जिससे यह एक विशाल ‘ग्लोबल मल्टी-मॉडल कार्गो हब’ बनेगा। यह एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश के उत्पादों को सीधे वैश्विक बाजारों तक पहुँचाकर प्रदेश को ‘आत्मनिर्भर’ बनाने के संकल्प को साकार करेगा।

Dr. Bhanu Pratap Singh