लखनऊ। उत्तर प्रदेश के अन्नदाताओं के लिए अच्छी खबर है। प्रदेश में सोमवार से गेहूं की सरकारी खरीद का आगाज हो गया है। योगी सरकार ने इस बार न केवल न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में बड़ी बढ़ोतरी की है, बल्कि खरीद के लक्ष्य को भी करीब दोगुना कर दिया है। अब तक 2.24 लाख से अधिक किसान सरकारी केंद्रों पर अपनी उपज बेचने के लिए पंजीकरण करा चुके हैं।
MSP में ₹160 का इजाफा, किसानों को अतिरिक्त लाभ
इस वर्ष केंद्र और प्रदेश सरकार ने गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) ₹2585 प्रति क्विंटल निर्धारित किया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में ₹160 अधिक है। इसके अलावा, किसानों को उतराई, छनाई और सफाई के मद में ₹20 प्रति क्विंटल अलग से दिए जाएंगे, जिससे उन्हें बड़ी राहत मिलेगी।
सीएम योगी का निर्देश: 48 घंटे में सीधा भुगतान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि किसानों को उनकी फसल का भुगतान 48 घंटे के भीतर सीधे उनके बैंक खातों (DBT) में कर दिया जाए। मुख्यमंत्री ने खरीद के शुरुआती लक्ष्य 30 लाख मीट्रिक टन को बढ़ाकर अब 50 लाख मीट्रिक टन कर दिया है। खरीद प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाने और बिचौलियों के हस्तक्षेप को खत्म करने के लिए पूरा सिस्टम ऑनलाइन रखा गया है।
6500 केंद्रों पर मिलेंगी खास सुविधाएं
प्रदेश में खाद्य विभाग की विपणन शाखा सहित कुल 8 एजेंसियों के 6500 क्रय केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं, जिनमें से 3574 केंद्र सक्रिय हो चुके हैं। भीषण गर्मी और मौसम के मिजाज को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सभी केंद्रों पर किसानों के लिए छाया, शुद्ध पेयजल और बैठने की समुचित व्यवस्था समय से पूरी करने के निर्देश दिए हैं। यह खरीद अभियान आगामी 15 जून तक अनवरत चलेगा।
पंजीकरण और सहायता के लिए यहाँ करें संपर्क
जिन किसानों ने अभी तक अपनी फसल बेचने के लिए रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है, वे विभाग की आधिकारिक वेबसाइट fcs.up.gov.in या ‘यूपी किसान मित्र’ (UP Kisan Mitra App) के माध्यम से पंजीकरण या नवीनीकरण कर सकते हैं। किसी भी प्रकार की असुविधा या समस्या होने पर किसान भाई टोल-फ्री नंबर 1800-180-0150 पर संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
- श्री हनुमत जयंती महोत्सव: आगरा में दिखेगा उज्जैन सा नजारा, बाबा महाकाल की पालकी और 551 किलो फलों के डोले संग निकलेगी शोभायात्रा - March 30, 2026
- आगरा में ‘डिजिटल अरेस्ट’ का खौफ: रिटायर्ड शिक्षक से ₹25 लाख की ठगी, ठगों ने दी आतंकियों से संबंध की धमकी - March 30, 2026
- मुगलों से किला फतह करने वाले वीरों को कब मिलेगा सम्मान? आगरा में प्रतिमा स्थापना के लिए जाट महासभा ने प्रभारी मंत्री को सौंपा ज्ञापन - March 30, 2026