जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज के नेतृत्व में होगा भव्य जनजागरण अभियान
प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में आयोजित होंगे स्वागत एवं जनसभा कार्यक्रम
आगरा। गौमाता को राष्ट्रमाता का सम्मान दिलाने तथा संपूर्ण देश में पूर्ण गोवंश वध बंदी की मांग को लेकर परमधर्माधीश उत्तराम्नाय ज्योतिष्पीठाधीश्वर, अनन्तश्रीविभूषित जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ‘1008’ जी महाराज के पावन सानिध्य एवं नेतृत्व में निकाली जा रही देशव्यापी ऐतिहासिक 81 दिवसीय ‘गविष्टि (गो-रक्षार्थ-धर्मयुद्ध) यात्रा’ का आगरा जनपद एवं उसके समीपवर्ती विधानसभा क्षेत्रों में भव्य आगमन आगामी 6 जून से होगा।
यात्रा का मूल मंत्र “अहं हनं वृत्रं गविष्ठौ” निर्धारित किया गया है। इस यात्रा का उद्देश्य गौ संरक्षण के प्रति जनजागरण करना तथा गौमाता को राष्ट्रमाता का संवैधानिक सम्मान दिलाने की मांग को जन-जन तक पहुंचाना है।
इस संबंध में बुधवार को सदर स्थित रेड चिल्ली रेस्टोरेंट, नंद प्लाजा में आयोजित आमंत्रण पत्र विमोचन के साथ यात्रा के व्यापक प्रचार-प्रसार, स्वागत कार्यक्रमों एवं तीन दिवसीय विस्तृत कार्यक्रमों की जानकारी दी गई।
आशीष वल्लभ पचौरी ने बताया कि यात्रा का आगरा जनपद में प्रवेश होने पर जैतपुर चौराहे पर पूज्य महाराज श्री एवं पावन यात्रा की भव्य अगवानी और स्वागत किया जाएगा।
आगरा में यात्रा का तीन दिवसीय कार्यक्रम
आयोजन समिति के अनुसार, 6 जून को यात्रा के आगरा जनपद में प्रवेश करते ही जैतपुर चौराहे पर भव्य अगवानी की जाएगी। इस तीन दिवसीय धर्मयुद्ध यात्रा के तहत आगरा की विभिन्न विधानसभाओं में स्वागत सभाओं का आयोजन होगा:
6 जून: बाह तहसील के सामने (बाह विधानसभा) और अवंतीबाई चौराहा (फतेहाबाद विधानसभा) पर जनसभाएं आयोजित की जाएंगी।
7 जून: यात्रा छावनी विधानसभा (परशुराम आश्रम, राजपुर चुंगी), आगरा ग्रामीण (इटौरा चौराहा), खेरागढ़ (तहसील के सामने) और फतेहपुर सीकरी (मौनी बाबा आश्रम, किरावली) में पहुंचेगी।
8 जून: आगरा दक्षिण विधानसभा के धाकरान चौराहा, आगरा उत्तर के सेंट्रल पार्क और एत्मादपुर के रामबाग चौराहे पर भव्य स्वागत कार्यक्रम सुनिश्चित किए गए हैं।
योगेश त्यागी ने यात्रा के उद्देश्य एवं कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यह यात्रा देशभर में गौ संरक्षण के प्रति जनभावना को सशक्त स्वर प्रदान करेगी। वहीं उत्तर क्षेत्र प्रभारी मदन मोहन शर्मा एवं राहुल चतुर्वेदी ने बताया कि यात्रा के सफल आयोजन हेतु सभी विधानसभा क्षेत्रों में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और गौभक्तों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है।
इस अवसर पर बाह क्षेत्र से सचिन राजोरिया, फतेहाबाद से अंकित उपाध्याय, रूपाली अशोक, छावनी क्षेत्र से प्रवेश दुबे, ओम पंडित, खेरागढ़ से अरुण पचौरी, प्रमोद पचौरी, फतेहपुर सीकरी से मुकेश नागौर, आगरा दक्षिण से अपूर्व शर्मा, मनीष धाकड़, एत्मादपुर से पवन समाधिया, आगरा ग्रामीण से प्रदीप लवानिया, आशीष वल्लभ पचौरी, सचिंद्र शर्मा, नरेश उपाध्याय, रानू पचौरी, सुबोध पांडे आदि उपस्थित रहे।
- जगद्गुरु शंकराचार्य की अगुवाई में आगरा आ रही ‘गविष्टि यात्रा’: 6 से 8 जून तक शहर की विभिन्न विधानसभाओं में होंगे भव्य आयोजन - June 3, 2026
- यूपी में मिशन 2027 की तैयारी: योगी सरकार ने बदले मंत्रियों के प्रभार, भूपेंद्र चौधरी को आगरा-कासगंज की अहम जिम्मेदारी - June 3, 2026
- आगरा में नीट छात्र के साथ बर्बरता: दोस्तों ने बंधक बनाकर पीटा, तमंचे के साथ वीडियो बनाकर मांगी रंगदारी - June 3, 2026