जदयू के पूर्व अध्यक्ष आरसीपी सिंह ने कहा, 7 जन्म में PM नहीं बन सकते नीतीश कुमार – Up18 News

जदयू के पूर्व अध्यक्ष आरसीपी सिंह ने कहा, 7 जन्म में PM नहीं बन सकते नीतीश कुमार

POLITICS

 

बिहार में नीतीश कुमार के एनडीए छोड़ने के बाद से शुरू हुई सियासी रस्साकशी थमने का नाम नहीं ले रही है। राज्य में महागठबंधन की सरकार बनने के बाद भी दिग्गज नेताओं के आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। बिहार में एनडीए की टूट के सबसे अहम कारण बने जदयू के पूर्व अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह RCP Singh भाजपा में शामिल होंगे। इस बात की जानकारी उन्होंने आज पटना में मीडिया से बात करते हुए थी।

जदयू के पूर्व अध्यक्ष रामचंद्र प्रसाद सिंह उर्फ आरसीपी सिंह ने साफ कहा कि मैं बीजेपी ज्वाइन करूंगा। उन्होंने नीतीश कुमार और जदयू अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ लल्‍लन सिंह द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर अपना पक्ष साझा किया। आरसीपी सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार की सहमति से ही मैं केंद्र में मंत्री बना था। बता दें कि एनडीए छोड़ने के बाद जदयू की ओर से आरसीपी सिंह पर यह आरोप लगाया जा रहा था कि वो बीजेपी से मिलकर जदयू को तोड़ने की साजिश कर रहे थे।

सात जन्म में पीएम नहीं बनेंगे नीतीश कुमार आरसीपी सिंह

आरसीपी सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला करते हुए फिर कहा कि नीतीश कुमार 7 जन्म में भी प्रधानमंत्री नहीं बन सकेंगे। मालूम हो कि आरसीपी सिंह ने जदयू से इस्तीफा देने के दिन भी यहीं बात कही थी। मालूम हो कि आरसीपी सिंह पर मंत्री रहते हुए अकूत संपत्ति अर्जित करने का भी आरोप लगा था। इस आरोप पर जदयू की ओर जवाब मांगे जाने पर उन्होंने पार्टी छोड़ दी थी।

इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी नीतीश कुमार के उस दावे को खारिज कर दिया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि बगैर उनकी मंजूरी के आरसीपी सिंह को केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल किया गया था। अमित शाह ने भी कहा था कि नीतीश की मंजूरी के बाद भी आरसीपी सिंह केंद्र में मंत्री बने।