असम और त्रिपुरा में बाढ़ से स्थिति भयावह हो गई है। अब तक इस जानलेवा बाढ़ से 55 से अधिक लोगों की जान चली गई है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को फोन कर राज्य में बाढ़ की मौजूदा स्थिति की जानकारी ली और केंद्र की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया। मोदी ने बाढ़ से प्रभावित लोगों को हो रही कठिनाइयों पर चिंता भी जताई। बता दें कि असम के 28 जिलों में इस साल 18.95 लाख से अधिक लोग बाढ़ से बुरी तरह से प्रभावित हुए हैं। बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं में राज्य में अब तक 55 लोगों की मौत हो चुकी है।
बाढ़ के दौरान असम के होजई जिले में बाढ़ प्रभावित लोगों को ले जा रही एक नौका पलट गई जिससे उसमें सवार तीन बच्चे लापता हो गए, जबकि 21 अन्य लोगों को बचा लिया गया। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार 24 ग्रामीणों का एक समूह शुक्रवार देर रात इस्लामपुर गांव से सुरक्षित स्थान की ओर बढ़ रहा था, तभी रायकोटा इलाके में उनकी नौका पानी में डूबे एक ईंट-भट्टे से टकरा जाने के कारण पलट गई।
कोपिली नदी ने बड़े भूभाग में पानी भर दिया है और जिले में 55,150 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं, जो इस साल की शुरुआत में बाढ़ की पहली लहर में भी बुरी तरह प्रभावित हुआ था। जिले के 47 राहत शिविरों में कुल 29,745 लोगों ने शरण ली है।
वहीं पश्चिम त्रिपुरा जिले के सदर अनुमंडल में मूसलाधार बारिश के कारण आई बाढ़ में 2,000 से अधिक लोग विस्थापित हुए हैं। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने 20 राहत शिविरों में शरण ली है।
-एजेंसियां
- आगरा में जमीन का खूनी खेल: पूर्व सैनिक के खेत पर ताबड़तोड़ फायरिंग, ट्रैक्टर के बोनट और टायर में धंसी गोलियां - May 31, 2026
- लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की जयंती पर आगरा में दिखा उत्साह: केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने बाइक चलाकर जनजागरण रैली का किया नेतृत्व - May 31, 2026
- विश्व तंबाकू निषेध दिवस: आगरा के DEI में गूंजा ‘नशामुक्त समाज’ का संदेश, एनएसएस ने निकाली विशाल जागरूकता रैली - May 31, 2026