नोएडा। नोएडा के सेक्टर 66 स्थित मामूरा गांव की एक चार मंजिला इमारत में बुधवार दोपहर भीषण आग लग गई, जिसके बाद वहां रहने वाले 100 से ज्यादा परिवारों की जान खतरे में आ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह आग पार्किंग में चार्ज हो रहे इलेक्ट्रिक स्कूटर में स्पार्किंग की वजह से शुरू हुई, जिसने आसपास खड़े अन्य वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद आग तेजी से फैल गई।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 7 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं, जिन्होंने कुछ देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। इस घटना में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। यह घटना फेस तीन थाना क्षेत्र के सेक्टर 66 में हुई।
इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी संज्ञान लिया और अधिकारियों को तत्परता के साथ राहत व बचाव कार्य चलाते हुए लोगों की हरसंभव मदद करने के लिए कहा है।
दरअसल, आग पहली मंजिल तक पहुंच गई थी और इसकी वजह से निकले जहरीले धुएं ने पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया। धुएं की चपेट में आकर दो लोगों की हालत बिगड़ गई और बाद में उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम वहां पहुंच गई और राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया। इस दौरान एक बिल्डिंग से दूसरी बिल्डिंग तक सीढ़ियां लगाकर इमारत में फंसे लोगों को बचाया गया। बचाव कार्य के दौरान पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा। इस मामले को लेकर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
आग की वजह से निकला धुआं लोगों के घरों में घुसा
इस बारे में एक बयान जारी करते हुए पुलिस ने बताया कि ‘नोएडा में सेक्टर 66 के मामूरा गांव की गली नंबर 2 में एक चार मंजिला (G-4) इमारत की पहली मंजिल पर बुधवार को आग लग गई। बिल्डिंग की पार्किंग में एक इलेक्ट्रिक स्कूटर (EV) को चार्जिंग पर लगाकर रखा हुआ था, इसी दौरान उसमें चिंगारी भड़की और उसमें आग लग गई। इसके बाद आग ने आसपास खड़े कई अन्य पेट्रोल वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग से निकला धुआं बिल्डिंग की ऊपरी मंजिलों तक पहुंचा और लोगों के घरों में घुस गया।’
दम घुटने की वजह से बिगड़ी महिला और पुरुष की तबीयत
पुलिस अधिकारी ने आगे बताया कि ‘आग लगने की सूचना पर तत्काल फायर सर्विस यूनिट के 7 वाहन व हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म, मुख्य शमन अधिकारी तथा स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू कर दिया और कुछ वक्त के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया। इस दौरान इमारत में फंसे 100 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। धुएं की वजह से दो लोगों की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए एम्बुलेंस से अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।’
पुलिस ने बताया कि इस घटना को लेकर लापरवाही के आरोप में बिल्डिंग के लीजहोल्डर और ऑपरेटर के खिलाफ कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और उन्हें हिरासत में ले लिया गया है। इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई चल रही है। इस घटना में जिन दो लोगों की मौत हुई, फिलहाल उनसे जुड़ी किसी भी तरह की जानकारी सामने नहीं आ पाई है।
मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान, प्रशासन को दिए निर्देश
नोएडा के सेक्टर 66 में एक इमारत में आग लगने की घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने का निर्देश दिया। उन्होंने राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने और घायलों को उचित इलाज मुहैया कराने के भी निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने प्रशासन से सभी स्तरों पर सतर्कता बरतने को कहा है। इसके साथ ही उन्होंने राहत कार्यों की लगातार निगरानी करने के लिए भी बोला है। मुख्यमंत्री ने घायलों को उचित इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं।
- आगरा छावनी परिषद कार्यालय में भारी हंगामा: जमीन विवाद के बीच महिला ने खुद पर डाला पेट्रोल, मची अफरा-तफरी - July 15, 2026
- Agra News: सुभाष बाजार में नाले पर बनी दुकानों का मामला गर्माया, नगर निगम के नोटिस के बाद व्यापारियों में हड़कंप - July 15, 2026
- नोएडा में स्कूटर की बैटरी चार्ज करते समय शॉट सर्किट से बिल्डिंग में लगी आग, 2 लोगों की मौत, 100 को बचाया गया, सीएम योगी ने लिया संज्ञान - July 15, 2026