नई दिल्ली। सर्दी ने अब पूरे उत्तर भारत में अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। दिल्ली-एनसीआर से लेकर उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश तक ठंड, घने कोहरे और प्रदूषण ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। कई इलाकों में सुबह के समय विजिबिलिटी बेहद कम दर्ज की गई, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ।
दिल्ली-एनसीआर की बात करें तो राजधानी में हालात सबसे ज्यादा खराब बने हुए हैं। घने कोहरे और खतरनाक स्तर के प्रदूषण के चलते सुबह धूप के दर्शन नहीं हुए। कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 500 के करीब पहुंच गया, जो बेहद गंभीर श्रेणी में आता है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश में भी ठंड और कोहरे का सिलसिला जारी है। आगरा और फिरोजाबाद में सुबह घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। इनमें लखनऊ, कानपुर, अयोध्या, प्रयागराज, बरेली, अमेठी, मुजफ्फरनगर, गौतम बुद्ध नगर, कौशांबी, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, कानपुर नगर और कानपुर देहात शामिल हैं। हालांकि दिन के समय मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है।
उत्तराखंड में आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले चार से पांच दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है, जिससे रातें ज्यादा सर्द होंगी। हालांकि दिन के समय धूप निकलने से ठंड का असर कुछ कम महसूस होगा। फिलहाल प्रदेश में बारिश की कोई संभावना नहीं है।
बिहार में भी ठंड का असर तेज होने वाला है। पटना, गया, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, भागलपुर और पूर्णिया में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। सुबह के समय ग्रामीण इलाकों में 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चल सकती हैं, ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मध्य प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन सुबह के समय अधिकांश जिलों में घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। राजधानी भोपाल में आज अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। मौसम विभाग ने कोहरे के चलते वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
कुल मिलाकर उत्तर भारत में सर्दी, कोहरा और प्रदूषण का असर फिलहाल कम होने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।
- जब टीयर्स आगरा के “स्पेशल” बच्चों ने रच दी रामायण… आंखें नम, दिल गर्व से भर गया - March 25, 2026
- योगी सरकार की बड़ी सौगात! उत्तर प्रदेश में 26 और 27 मार्च को रहेगा राम नवमी का अवकाश - March 25, 2026
- टीबी मुक्त आगरा का संकल्प: 47 ग्राम प्रधानों को मिला ‘गांधी सम्मान’, यूपी में आगरा ने गाड़े सफलता के झंडे - March 25, 2026