ठाकुर बांके बिहारी के दर्शन को उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, वृंदावन में लगा जाम; सुरक्षा व्यवस्था पर बढ़ा दबाव

REGIONAL

मथुरा। नववर्ष से पहले अपने आराध्य के दर्शन की अभिलाषा लेकर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ श्री बांके बिहारी मंदिर पहुंच गई। सुबह होते-होते मंदिर परिसर और आसपास की गलियों में श्रद्धालुओं का रेला उमड़ पड़ा। मंदिर के बाहर लंबी कतारें लग गईं और भीतर दर्शन के दौरान कई बार धक्का-मुक्की की स्थिति बनती रही।

सुबह के समय हालात और चुनौतीपूर्ण हो गए। श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ने से भीड़ कई बार अनियंत्रित होती नजर आई। सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन तथा मंदिर सेवायतों को अतिरिक्त प्रयास करने पड़े। भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग की गई, लेकिन श्रद्धालुओं की अत्यधिक संख्या के सामने व्यवस्थाएं अपर्याप्त साबित होती दिखीं।

बांके बिहारी मंदिर के साथ-साथ प्रेम मंदिर और इस्कॉन मंदिर वृंदावन में भी श्रद्धालुओं की भारी आमद दर्ज की गई। प्रेम मंदिर में भव्य रोशनी और आकर्षक साज-सज्जा के बीच लंबी कतारें नजर आईं, जबकि इस्कॉन मंदिर में कीर्तन-भजन के साथ नए साल के स्वागत को लेकर बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे। इसके अलावा, कई श्रद्धालु ब्रज परिक्रमा करते हुए पुण्य लाभ अर्जित करते दिखे। परिक्रमा मार्ग पर जयकारों और भक्ति गीतों से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो उठा।

प्रशासन के अनुसार, नववर्ष के अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं के वृंदावन पहुंचने का अनुमान है। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन लागू किए गए हैं। इसके बावजूद मंदिरों के आसपास और प्रमुख सड़कों पर जाम की स्थिति बनी रही, जिससे श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

Dr. Bhanu Pratap Singh