मथुरा। बांग्लादेश में कथित तौर पर हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों का मुद्दा उठाते हुए देश के विख्यात कथावाचक देवकी नंदन ठाकुर ने आईपीएल टीम कोलकाता नाइट राइडर्स द्वारा बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को खरीदे जाने पर कड़ा ऐतराज जताया है। एक कथा कार्यक्रम के दौरान उन्होंने केकेआर प्रबंधन और टीम के मालिक शाहरुख खान को खुले मंच से चेतावनी देते हुए कहा कि यदि खिलाड़ी को टीम से बाहर नहीं किया गया तो जनता टीम का बहिष्कार करेगी। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
देवकी नंदन ठाकुर ने सवाल उठाया कि जब बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या और उत्पीड़न की खबरें सामने आ रही हैं, तब इंडियन प्रीमियर लीग में किसी बांग्लादेशी खिलाड़ी को जगह क्यों दी जा रही है। उन्होंने कहा कि भारत में बांग्लादेशी खिलाड़ियों को खेलने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए और यदि केकेआर ने इस निर्णय पर पुनर्विचार नहीं किया तो हिंदू समाज टीम के बहिष्कार के लिए मजबूर होगा।
कथावाचक ने मंच से यह भी कहा कि केकेआर द्वारा 9 करोड़ 20 लाख रुपये में खरीदे गए खिलाड़ी के जरिए जाने वाला पैसा अंततः बांग्लादेश पहुंचेगा और उसके उपयोग को लेकर भी सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने दावा किया कि हिंदुओं की भावनाओं को बार-बार अनदेखा किया जा रहा है, जो स्वीकार्य नहीं है।
अपने संबोधन के दौरान देवकी नंदन ठाकुर ने पंडाल में मौजूद लोगों से हाथ उठवाकर समर्थन भी मांगा और कहा कि यदि केकेआर प्रबंधन ने निर्णय वापस नहीं लिया तो व्यापक स्तर पर विरोध किया जाएगा। उन्होंने शाहरुख खान को संबोधित करते हुए कहा कि जिसने जनता ने हीरो बनाया है, वही जनता जरूरत पड़ने पर “जीरो” भी बना सकती है।
इस बयान के बाद केकेआर प्रबंधन या शाहरुख खान की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन कथावाचक के इस तीखे वक्तव्य से आईपीएल और केकेआर को लेकर सियासी और सामाजिक बहस तेज हो गई है।
- आगरा सेनेटरी सुपरवाइजर संघ का विस्तार: रंजीत नारवार अध्यक्ष नियुक्त, सुनील पारस को आउटसोर्सिंग प्रकोष्ठ की मिली कमान - June 3, 2026
- संजय पैलेस के श्री पूर्व मुखी हनुमान मंदिर में भव्य महोत्सव: 7 जून को प्रथम जीर्णोद्धार दिवस पर सजेगा फूल बंगला, गूंजेंगे भजन - June 3, 2026
- जगद्गुरु शंकराचार्य की अगुवाई में आगरा आ रही ‘गविष्टि यात्रा’: 6 से 8 जून तक शहर की विभिन्न विधानसभाओं में होंगे भव्य आयोजन - June 3, 2026