प्रयागराज। विश्व के सबसे बड़े धार्मिक आयोजन महाकुंभ में मोनालिसा की वायरल कहानी अभी लोगों के ज़ेहन से उतरी भी नहीं थी कि अब माघ मेले से एक और चेहरा सोशल मीडिया पर छा गया है। नीम की दातुन बेचने वाली कजरारी आंखों की युवती बासमती इन दिनों इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रही है। उसकी सादगी, मासूमियत और पारंपरिक साज-सज्जा ने लोगों का ध्यान खींच लिया है।
महाकुंभ के दौरान मध्य प्रदेश के महेश्वर की रहने वाली मोनालिसा अपने परिवार के साथ माला बेचने प्रयागराज आई थीं। उनकी नीली-भूरी आंखों और सरल व्यक्तित्व ने उन्हें रातों-रात सोशल मीडिया सेंसेशन बना दिया। तस्वीरें और वीडियो वायरल हुए, जीवन की दिशा बदली और अंततः उन्हें फिल्मों में काम भी मिल गया। इस समय मोनालिसा की फिल्म की शूटिंग जारी बताई जा रही है।
अब माघ मेले में बासमती की कहानी सुर्खियों में है। बासमती नीम की दातुन और मालाएं बेचने आई थीं, लेकिन वायरल वीडियो के बाद हालात बदल गए। लोग उन्हें ‘नई मोनालिसा’ तो कुछ ‘सपना’ तक कह रहे हैं। कैमरों की भीड़ हर समय उनके आसपास रहती है और दिनभर इंटरव्यू लेने वालों का तांता लगा रहता है।
वीडियो और तस्वीरों में बासमती गले में मोटी-बड़ी मालाएं पहने दिखती हैं। नाक में तीन नथ, कानों में कुंडल और सादा लेकिन आकर्षक मेकअप लोगों का खासा ध्यान खींच रहा है। हालांकि इस वायरल लोकप्रियता का असर उनके रोज़गार पर पड़ रहा है। बासमती का कहना है कि काम प्रभावित हो गया है—कभी-कभी बोहनी तक नहीं हो पाती, क्योंकि लोग सामान खरीदने की बजाय वीडियो बनाने लगते हैं और उन्हें घेर लेते हैं।
गौरतलब है कि महाकुंभ में मोनालिसा के साथ भी कुछ समय तक यही स्थिति रही थी, जब उनकी लोकप्रियता के चलते काम ठप पड़ गया था। बाद में वही लोकप्रियता उनके लिए अवसर बन गई। अब बासमती के वायरल होने पर भी सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग सवाल उठा रहे हैं कि किसी की अनुमति के बिना वीडियो बनाकर वायरल करना कितना उचित है, वहीं कई लोग बासमती के भविष्य को लेकर उम्मीदें जता रहे हैं।
- आगरा दीवानी लाठीचार्ज कांड के 25 साल बाद फिर खुलेंगी फाइलें: DGP मुख्यालय के पत्र पर कमिश्नरेट पुलिस ने शुरू की RTI पर कार्रवाई - November 5, 2026
- आगरा के धाकरान नजूल भूमि फर्जीवाड़े में बड़ी कार्रवाई: ओबीपीएएस पोर्टल पर फर्जी लेटर अपलोड कर पास कराया व्यावसायिक नक्शा, 4 पर FIR - November 5, 2026
- बहू के इलाज का 7 लाख कर्ज चुकाने के लिए बनी चोर, आगरा में ज्वैलर्स की दुकान से 15 लाख के गहने उड़ाने वाली महिला ग्वालियर से गिरफ्तार; लाखों के सोने-चांदी के जेवर बरामद - November 5, 2026