मथुरा: बांके बिहारी मंदिर में रविवार को फिर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, वृंदावन में जाम ही जाम, सभी व्यवस्थाएं फेल – Up18 News

मथुरा: बांके बिहारी मंदिर में रविवार को फिर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, वृंदावन में जाम ही जाम, सभी व्यवस्थाएं फेल

REGIONAL

 

मथुरा के वृंदावन स्थित बांके बिहारी मंदिर में रविवार को सुबह से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। विद्यापीठ चौराहा से लेकर बांके बिहारी मंदिर को जाने वाली सभी गलियां खचाखच श्रद्धालुओं से भर गईं। मंदिर के प्रवेश द्वारों पर श्रद्धालुओं के बीच आपाधापी मची रही। भीड़ के दबाव में महिलाएं और बच्चे बुरी तरह फंसे नजर आए। इस दौरान सुरक्षाकर्मियों को हालत पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं यहां आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों ने वृंदावन जाम कर दिया।

बांके बिहारी मंदिर के बाहर चबूतरे की रेलिंग को लांघकर महिलाएं मंदिर की ओर बढ़ने का प्रयास करते हुआ नजर आईं। बिहारी मंदिर के अंदर निजी सुरक्षा सुरक्षा गार्ड भी भीड़ को नियंत्रित करने में पसीना-पसीना हो गए। विद्यापीठ चौराहा, दाऊजी, जुगाल घाट, दाऊजी तिराहा की ओर से मंदिर को जाने वाले भीड़ के सैलाब को नियंत्रित करने में पुलिस के भी हाथ पांव फूल गए।

वृंदावन में जाम ही जाम

वृंदावन में रविवार को  सुबह से मंदिरों के पट बंद होने तक जबरदस्त जाम लगा दिखाई दिया। शहर के प्रवेश मार्गों पर वाहनों को लंबी कतार लग गई। श्रद्धालु घंटों जाम में फंसे। वहीं स्थानीय लोगों का घरों से निकलना दुश्वार हो गया। शहर की  यातायात व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई।

व्यवस्थाएं हुईं फेल

बिहारी की प्राकट्य स्थली निधवन में भी श्रद्धालुओं का जमावड़ा लग गया। बड़ी संख्या में आए श्रद्धालुओं के आगे पुलिस प्रशासन की व्यवस्था बौनी नजर आईं।

विधायक भी फंसे जाम में

क्षेत्रीय विधायक भी शहर में लगे जाम में फंस गए। उन्होंने इस संबंध में मंडलायुक्त ऋतु महेश्वरी और डीएम से बदहाल यातायात व्यवस्था में सुधार लाने को कहा। विधायक श्रीकांत शर्मा ने कहा कि वृंदावन की यातायात व्यवस्था और सफाई व्यवस्था में सुधार के योजना बनाई जाएगी। 45 दिन में व्यवस्था में सुधार लाया जाएगा।

ये बोलीं मंडल आयुक्त

मंडल आयुक्त रितु माहेश्वरी ने भी वृंदावन में लगने वाले जाम और यातायात व्यवस्था के लिए श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि इस पर जल्द ही विचार कर व्यवस्था में सुधार लाया जाएगा।

 

Dr. Bhanu Pratap Singh