आगरा। ताजनगरी के कमला नगर क्षेत्र में पिछले कई दिनों से चल रही आध्यात्मिक साधना और भक्ति का दौर बुधवार को ‘विश्व शांति’ की मंगल कामनाओं के साथ संपन्न हुआ। जैन समाज द्वारा आयोजित श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान की पूर्णाहुति के अवसर पर जहाँ एक ओर मंत्रोच्चार से वातावरण गुंजायमान रहा, वहीं दूसरी ओर होली मिलन समारोह ने समाज में प्रेम और भाईचारे का अनूठा संदेश दिया।
शालीमार एनक्लेव: भक्ति संगीत और महायज्ञ से महका प्रांगण
पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर, शालीमार एनक्लेव में पुण्यार्जक पारस जैन कंसल एवं मधु जैन कंसल के संयोजन में आयोजित विधान का भव्य समापन हुआ। 23 फरवरी से शुरू हुए इस अनुष्ठान के अंतिम दिन ब्रह्मचारी आशीष भैया के सान्निध्य में विश्वशांति महायज्ञ संपन्न हुआ। भक्ति गीतों की स्वर लहरियों के बीच श्रद्धालुओं ने अर्घ्य समर्पित किए।
कार्यक्रम के अंत में जैन समाज ने एक-दूसरे को चंदन का तिलक लगाकर मर्यादित तरीके से होली मनाई। इस अवसर पर राजकुमार गुड्डू, राजू गोधा और संभव जैन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
डी-ब्लॉक: महिला मंडल की प्रस्तुतियों ने मोहा मन
ग्रेटर कमला नगर जैन समाज एवं महिला मंडल के तत्वावधान में श्री महावीर दिगम्बर जैन मंदिर, डी-ब्लॉक में भी सिद्धचक्र महामंडल विधान का समापन उत्साहपूर्वक हुआ। पंडित राकेश जैन शास्त्री के निर्देशन में भगवान जिनेंद्र देव का अभिषेक और शांतिधारा की गई। महिला मंडल की सदस्यों द्वारा प्रस्तुत मंगलाचरण और भक्ति नृत्यों ने सभी को भावविभोर कर दिया।
सम्मान और सौहार्द का मिलन
विधान की पूर्णाहुति के पश्चात समाज के वरिष्ठजनों और विशेष सहयोगियों का सम्मान किया गया। होली मिलन समारोह के दौरान मंगल प्रदीप जैन (PNC), जगदीश प्रसाद जैन, यशपाल जैन और मनोज जैन बाकलीवाल सहित समाज के गणमान्य लोगों ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं।
वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजनों से न केवल धर्म की प्रभावना होती है, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और संस्कारों से जुड़ने का अवसर मिलता है।
- आगरा में खूनी संघर्ष: सगे भाइयों के बीच दीवार का विवाद बना ‘मैदान-ए-जंग’, जमकर चले पत्थर - March 5, 2026
- आगरा में भक्ति और उल्लास का संगम: सिद्धचक्र महामंडल विधान का समापन, जैन समाज ने चंदन लगाकर मनाया होली मिलन - March 5, 2026
- आगरा में जयपुर के ‘गुलाल गोटों’ की होली: बाबा श्याम के दरबार में उड़ा अबीर, भक्ति के रंगों में डूबे हजारों भक्त - March 5, 2026