लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारतीय पुलिस सेवा (IPS) 2023 और 2024 बैच के प्रशिक्षु अधिकारियों को प्रभावी, संवेदनशील और नागरिक-केंद्रित पुलिस अधिकारी बनने का मंत्र दिया। सोमवार को 23 प्रशिक्षु अधिकारियों से औपचारिक भेंट के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश जैसा बड़ा और विविधता से भरा राज्य पुलिस के लिए कई चुनौतियां प्रस्तुत करता है। ऐसे में प्रशिक्षण अवधि को सीखने, समझने और अपने पुलिसिंग मॉडल को मजबूत बनाने का बेहतर अवसर मानें।
“संवाद, संवेदनशीलता और सकारात्मकता” को बनाया सफलता का सूत्र
सीएम योगी ने प्रशिक्षुओं को सलाह दी कि उनकी कार्यशैली में संवाद, संवेदनशीलता और सकारात्मक रवैया सबसे अहम होना चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस हमेशा फर्स्ट रिस्पांडर होती है, इसलिए आपकी तत्परता, भाषा और व्यवहार से ही पीड़ित व्यक्ति भरोसा करता है।
मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षुओं से कहा कि जिलों में प्रशिक्षण के दौरान यह सीखना सबसे जरूरी है कि वास्तविक समस्याओं का समाधान त्वरित और संतोषजनक तरीके से कैसे किया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रशिक्षण के दौरान थाने का प्रशासन, विवेचना, ड्यूटी प्रबंधन और स्थानीय विवादों की प्रकृति को बहुत ध्यान से समझें। सीएम ने कहा— “थाना पुलिसिंग की नींव है और ह्यूमन इंटेलिजेंस आज भी पुलिस का सबसे बड़ा हथियार है। स्थानीय लोगों से संवाद और फील्ड में सक्रियता ही आपको मजबूत बनाती है।”
ड्रग नेटवर्क, साइबर क्राइम और महिला सुरक्षा पर विशेष निगरानी
सीएम योगी ने अधिकारियों को ‘थाना, सर्किल और पुलिस लाइन’ तीनों इकाइयों की व्यवस्था, संसाधनों और चुनौतियों को समझने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि इन तीनों स्तरों का तालमेल किसी भी जिले की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाता है।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद को गरिमापूर्ण और संतुलित रखने पर जोर दिया। सीएम ने कहा “जनप्रतिनिधि जनता की आवाज हैं, उनके साथ स्वस्थ संवाद कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाता है। पुलिस अधिकारी के लिए कैजुअल अप्रोच उचित नहीं है।”
मुख्यमंत्री ने महिलाओं के खिलाफ अपराध, साइबर अपराध और अवैध ड्रग्स नेटवर्क के प्रति विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराध का स्वरूप तेजी से बदल रहा है, इसलिए पुलिस की तैयारी भी उतनी ही आधुनिक होनी चाहिए। उन्होंने डिजिटल फॉरेंसिक, साइबर टूल्स और तकनीक के कुशल उपयोग पर जोर दिया।
सत्यनिष्ठा और अनुशासन को बताया सबसे बड़ी पूंजी
सीएम योगी ने कहा कि पुलिस सेवा में सत्यनिष्ठा, अनुशासन और मानवीय दृष्टिकोण ही अधिकारी की असली पूंजी है। आपका आचरण आने वाले वर्षों में न केवल कानून-व्यवस्था को दिशा देगा, बल्कि प्रदेश की सुरक्षा और जनता के विश्वास को भी मजबूत करेगा।
- 20 हजार से साधे जाएंगे यूपी के महिला वोटर? चुनाव से पहले भाजपा के इस प्लान ने बढ़ाई सियासी हलचल! - November 25, 2026
- मेरठ में गंगा एक्सप्रेसवे कॉरिडोर पर 2,913 करोड़ की अमेरिकी परियोजना का शिलान्यास; सीएम योगी ने किया वर्चुअल शुभारंभ - November 25, 2026
- सीट शेयरिंग की बातचीत के बीच सपा का बड़ा दांव: यूपी चुनाव 2027 के लिए जारी की 5 उम्मीदवारों की पहली सूची - November 25, 2026