बेंगलुरू। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की जीत के जश्न में मची भगदड़ को लेकर कर्नाटक सीएम सिद्धारमैया ने दुख जताया। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख का मुआवजा देने का ऐलान किया है। सीएम ने इस मामले की मजिस्ट्रेट से जांच के आदेश दिए हैं और 15 दिनों में रिपोर्ट देने के लिए कहा है। इस दौरान सीएम सिद्धारमैया ने चिन्नास्वामी स्टेडियम में मची भगदड़ की तुलना महाकुंभ भगदड़ से कर दी।
उन्होंने कहा, “ऐसी घटनाएं कई जगह हुईं। कुंभ मेले में भी तो 50-60 लोग मर गए। मैंने आलोचना नहीं की। अगर कांग्रेस आलोचना करती है तो वह अलग बात है। क्या मैंने या कर्नाटक सरकार ने आलोचना की?” सीएम सिद्धारमैया के साथ उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और गृहमंत्री जी परमेश्वर भी मौजूद थे।
उन्होंने कहा, “भगदड़ में 11 लोगों की मौत और 33 लोग घायल हो गए हैं। यह त्रासदी नहीं होनी चाहिए थी। सरकार इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करती है। सरकार ने मृतकों के लिए 10 लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की है। सरकार घायलों का मुफ्त इलाज कराएगी।”
सीएम सिद्धारमैया ने कहा, “मैं इस घटना का बचाव नहीं करना चाहता। हमारी सरकार इस पर राजनीति नहीं करेगी। मैंने मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं और 15 दिन का समय दिया है। लोगों ने स्टेडियम के गेट भी तोड़ दिए और भगदड़ मच गई। किसी को इतनी बड़ी भीड़ की उम्मीद नहीं थी। स्टेडियम की क्षमता सिर्फ 35,000 लोगों की है, लेकिन 2-3 लाख लोग आए।”
उन्होंने कहा, “बेंगलुरु शहर में उपलब्ध पूरी पुलिस फोर्स को तैनात किया गया। इससे पहले भी यही पुलिसकर्मी सुरक्षा ड्यूटी संभाल रहे थे और इस बार भी उन्हें यही जिम्मेदारी सौंपी गई। यह त्रासदी नहीं होनी चाहिए थी। हम पीड़ितों और पीड़ित लोगों के साथ खड़े हैं। मैं जनता से अपील करता हूं कि वे समझें कि प्यार और स्नेह से ज्यादा महत्वपूर्ण जीवन है और सुरक्षा को पहली प्राथमिकता दें।”
- आगरा रामलीला महोत्सव: राम-रावण युद्ध देखने उमड़ा भारी जनसैलाब, दो घंटे तक चली शानदार आतिशबाजी से जगमगाया आसमान, गूंजे ‘जय श्रीराम’ के जयघोष - October 21, 2026
- आस्था, संस्कृति और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम: वृद्धजनों और समाजसेवियों के सम्मान के साथ हुआ आगरा के ऐतिहासिक दशहरा मेले का समापन - October 21, 2026
- श्री मनःकामेश्वर रामलीला महोत्सव में राम-रावण युद्ध और रावण वध का भव्य मंचन: “अधर्म पर धर्म की विजय” के जयकारों से गूंजी रणभूमि - October 21, 2026