yogi adityanath

मथुरा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के बारे में कई नई बातें बताईं

POLITICS

मुख्यमंत्री ने मथुरा को दी 822 करोड़ की सौगात, 30 हजार करोड़ के प्रोजेक्ट आने वाले

उत्तर प्रदेश की धरा को पूरी दुनिया कौतूहल की दृष्टि से देख रही हैः योगी आदित्यनाथ

Mathura, Uttar Pradesh, India. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मथुरा की पवित्र धरती से निकाय चुनाव अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने जनता से आह्वान किया किया जनपद में चल रही विकास की प्रक्रिया रुकनी नहीं चाहिए। इसके लिए ट्रिपल इंजन की सरकार जरूरी है। तीसरे इंजन से मुख्यमंत्री का तात्पर्य निकाय से था।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मथुरा के सेठ बीएन पोद्दार इंटर कॉलेज के मैदान पर आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन के संबोधित कर रहे है। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मथुरा पहुंचने पर सबसे पहले  श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर ठाकुर जी के दर्शन किए। उन्होंने ब्रज क्षेत्र को 822 करोड़ की विकास परियोजनाओं का तोहफा दिया है। उन्होंने परियोजना से जुडी शिला पट्टिकाओं का अनावरण किया। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड, नगर निगम मथुरा वृंदावन, नगर पालिका कोसीकला के कर्मचारियों को प्रमाण पत्र, छात्र छात्राओं टैबलेट भी दिये। नगर निगम के विकास कार्यों को लेकर प्रकाशित की गई पत्रिका भी महापौर और नगर आयुक्त ने मुख्यमंत्री को सौंपी।

राधे राधे और भारत माता की जय के साथ अपना संबोधन शुरू करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 822 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात दी है। ये परियोजनाएं मथुरा, वृंदावन, बरसाना, बलदेव, नंदगांव, गोवर्धन आदि से जुड़ी हैं। प्रबुद्धजनों से अपील है कि माहौल बनाएं डबल इंजन की सरकार से विकास का तीसरा इंजन भी जुड़ना चाहिए।

30 हजार करोड़ के प्रोजेक्ट ब्रजभूमि के विकास के साथ जुड़ने वाले हैं
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 में मथुरा वृंदावन  नगर निगम का गठन किया। इसके बाद ब्रज तीर्थ विकास परिषद के माध्यम से सभी परियोजनाओं को आगे बढ़ाया गया। 30 हजार करोड के प्रोजेक्ट ब्रज भूमि के विकास के साथ जुड़ने वाले हैं। विकास की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का समय आया है। इसमें कोई बाधा न आए।

यूपी विकास का नया मॉडल
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास से लोगों के जीवन में परिवर्तन आएगा। किसानों की आय में वृद्धि होगी। व्यवसाय को कई गुना बढ़ाने में मदद मिलेगी। आज उत्तर प्रदेश विकास के नए मॉडल के रूप में आगे बढ़ रहा है। ट्रैफिक मैनेजमेंट, सेफ सिटी के लिए तकनीक का उपयोग करने जा रहे हैं। तकनीक का उपयोग करते हुए कोई अपराधी दुस्साहस नहीं कर पाएगा। उत्तर प्रदेश के अंदर लोगों में विश्वास है। उत्तर प्रदेश का एक्सपोर्ट बढ़ा है दुनिया का एक्सपोर्ट घटा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की लम्बी विरासत है। यहां पर भगवान श्रीकृष्ण की पावन जन्मभूमि के साथ ही राधारानी और भगवान श्रीकृष्ण की लीला भूमि भी स्थित है। भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या, बाबा विश्वनाथ का पावन धाम, मां विन्ध्यवासिनी का पवित्र धाम तथा भगवान बुद्ध से जुड़े हुए सर्वाधिक पवित्र स्थल भी उत्तर प्रदेश में मौजूद हैं। दुनिया की सबसे पवित्र नदियों मां गंगा तथा मां यमुना का आशीर्वाद प्रदेश को प्राप्त होता है। दुनिया का सबसे बड़ा सांस्कृतिक आयोजन प्रदेश के जनपद प्रयागराज में कुम्भ के रूप में होता है। भगवान राम ने वनवास काल में सर्वाधिक समय चित्रकूट में व्यतीत किया था, यह भी उत्तर प्रदेश में है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत में वैदिक ज्ञान को लिपिबद्ध करने का कार्य प्रदेश में नैमिषारण्य की धरा पर हुआ था। भागवत की पहली कथा भगवान श्रीकृष्ण की परम्परा में उनके पौत्र को सुनाने का सौभाग्य प्रदेश के शुकतीर्थ में हुआ था। ऐसी पवित्र धरा पर हम सभी को जन्म लेने का तथा अपनी कर्मभूमि के माध्यम से यहां पर सेवा करने का अवसर प्राप्त हुआ है। आज पूरी दुनिया उत्तर प्रदेश को कौतूहल से देख रही है। नये भारत के नये उत्तर प्रदेश की प्रगति की ओर दुनिया आकर्षित हो रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 में प्रदेश सरकार ने नये नगर निगम बनाने की कार्यवाही प्रारम्भ की थी, तब उनके पास मथुरा-वृन्दावन को नगर निगम बनाने का प्रस्ताव आया था। इसे नगर निगम बनाने का सौभाग्य हमें प्राप्त हुआ। बोर्ड गठित होने के बाद विकास की प्रक्रिया आगे बढ़ी। उ0प्र0 ब्रज तीर्थ विकास परिषद के गठन के माध्यम से यहां विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाया गया। स्वतंत्र भारत में ब्रज भूमि के विकास का समय आया है। ब्रज भूमि के विकास के लिए लगभग 30,000 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट विभिन्न चरणों में हैं। विकास की प्रक्रिया न रुके इसके लिए आप सभी प्रबुद्धजनों के साथ संवाद बनाने तथा आभार व्यक्त करने के लिए वे आज यहां आये हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में 08 महीने पूर्व विधान सभा के चुनाव हुए थे। उसमें ब्रज भूमि ने साबित किया कि वह अधर्म, अत्याचार, अन्याय तथा शोषण के साथ नहीं है। आपने हमारे सभी प्रतिनिधियों को चुनाव में विजयी बनाकर भेजा। इसके लिए मथुरावासियों का आभार व्यक्त करते हुए उन्हांेंने कहा कि पिछले 05 सालों में आपने ब्रज भूमि को बदलते देखा है। मथुरा, वृन्दावन, बरसाना, नन्दगांव तथा बलदेव ये सभी तीर्थस्थल बदलते हुए दिखायी दे रहे हैं। हमारा प्रदेश देश के किसी भी राज्य से ज्यादा सुन्दर व स्वच्छ है। आधारभूत संरचना के विकास के जितने कार्य प्रदेश में हो रहे हैं, वह अतुलनीय हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश विकास के नये मॉडल के रूप में आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में 04-लेन सड़क, एक्सप्रेस-वे, वॉटर-वे, हर घर नल योजना के कार्य, फ्लाई ओवर, एलिवेटेड रोड तथा रोप-वे का निर्माण व्यवस्थित रूप से किया जा रहा है। यह विकास, विरासत को संरक्षित करते हुए लोगों के जीवन में परिवर्तन लाएगा। यह सर्वाधिक आबादी वाले राज्य के नौजवानों को रोजगार देगा। इससे अन्नदाता किसानों की आय में वृद्धि होगी। यह विकास प्रदेश के सभी व्यवसायियों तथा उद्यमियों के व्यवसाय को कई गुना बढ़ाने में मदद करेगा।
उन्होंने कहा कि सदी की सबसे बड़ी महामारी के दौरान सरकार ने आमजनमानस को बचाने का कार्य किया। दुनिया महामारी के सामने पस्त हो गयी थी, लेकिन प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत कोरोना के खिलाफ मजबूती के साथ लड़ाई लड़ रहा था। दुनिया में कहीं भी निःशुल्क टेस्ट, निःशुल्क उपचार तथा निःशुल्क वैक्सीन की व्यवस्था नहीं थी। दुनिया में कहीं भी निःशुल्क राशन की सुविधा नहीं थी। भारत में अलग-अलग तबकों के लिए अलग-अलग योजनाएं चलायी गयी थीं। पटरी व्यावसायियों के लिए पी0एम0 स्वनिधि जैसी योजनाएं दुनिया में अन्य जगहों पर नहीं थीं। प्रधानमंत्री जी ने अपने दूरदर्शी नेतृत्व से भारत को महामारी के प्रकोप से बचाया। आज भी महामारी के साइडइफेक्ट से दुनिया में लोग जूझ रहे हैं। लेकिन भारत दुनिया में सबसे तेजी से उभरती हुई अर्थव्यवस्था के रूप में अपने 140 करोड़ लोगों के जीवन और जीविका को सुरक्षित रखते हुए आगे बढ़ रहा है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत सरकार ने स्मार्ट सिटी मिशन के अन्तर्गत प्रदेश के 10 शहर चिन्हित किये थे। राज्य सरकार ने शेष 07 नगर निगमों को राज्य स्मार्ट सिटी मिशन से जोड़ा। इनमें मथुरा-वृन्दावन भी था। स्मार्ट सिटी मिशन के अन्तर्गत इण्टीग्रेटेड कमाण्ड एण्ड कण्ट्रोल सेण्टर (आई0सी0सी0सी0) बनाये गये हैं। कोविड काल में इसने कोविड प्रबन्धन का कार्य भी किया। उस समय स्वास्थ्य कर्मियों, ए0एन0एम0, आशा वर्कर तथा आंगनबाड़ी सभी ने मिलकर टीम भावना के साथ एक-एक व्यक्ति की जान को बचाने का कार्य किया। आज आई0सी0सी0सी0 का उपयोग ट्रैफिक मैनेजमेण्ट के साथ ही सेफ सिटी के विकास के माध्यम से सभी को सुरक्षा प्रदान करने के लिए किया जा रहा है। सेफ सिटी के रूप में उत्तर प्रदेश के 18 शहरों का विकास किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश में सभी जगहों पर परिवर्तन दिखायी दे रहा है। लोगों के मन में एक विश्वास है। हमारे एम0एस0एम0ई0 उद्यमियों ने ‘एक जनपद, एक उत्पाद योजना’ (ओ0डी0ओ0पी0) के माध्यम से अच्छा कार्य किया है। ओ0डी0ओ0पी0 तथा विश्वकर्मा श्रम सम्मान जैसी योजनाओं के माध्यम से प्रदेश का निर्यात दोगुना हुआ है। पहले शहरी क्षेत्र में गरीबों को आवास के लिए धन मिलना एक स्वप्न था। आज प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के माध्यम से हर गरीब को ढाई लाख रुपये की राशि केन्द्र व राज्य सरकार मिलकर दे रही है। इसमें डेढ़ लाख रुपये भारत सरकार तथा 01 लाख रुपये प्रदेश सरकार देती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पी0एम0 स्वनिधि योजना के अन्तर्गत पटरी व्यावसायियों के लिए पहली बार योजना बनायी गयी। आज प्रदेश में 09 लाख पटरी व्यावसायियों को ब्याज मुक्त लोन की सुविधा उपलब्ध करायी गयी है। इसके माध्यम से इनके परिवार के लगभग 45 लाख लोगों को स्वावलम्बन के साथ आगे बढ़ने का मंच मिला है। यह एक नया प्रयास है। रसोई गैस के निःशुल्क कनेक्शन तथा सौभाग्य योजना के अन्तर्गत निःशुल्क विद्युत कनेक्शन भी उपलब्ध कराये गये हैं। विद्युत के लटकते-झूलते तारों से मुक्ति के लिए अण्डरग्राउण्ड केबिल के माध्यम से व्यवस्था की गयी है। एल0ई0डी0 स्ट्रीट लाइटों की रोशनी का सभी आनन्द ले सकते हैं। यह उत्तर प्रदेश की बदलती हुई तस्वीर है।

इस दौरान केन्द्रीय मंत्री प्रो.एसपी सिंह बघेल, प्रदेश सरकार में मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण, जिला पंचायत अध्यक्ष किशन सिंह चौधरी, एमएलसी ओमप्रकाश सिंह, विधायक पूरन प्रकाश, विधायक श्रीकांत शर्मा, विधायक राजेश चौधरी, विधायक ठा.मेघश्याम सिंह, महापौर मुकेश आर्य बुद्ध, लक्ष्मीकांत माहेश्वरी, विधानमंडल मुख्य सचेतक रामनरेश अग्निहोत्री, देवेन्द्र शर्मा, चौधरी तेजवीर सिंह, रविकांत गर्ग, शैलजाकांत मिश्र, मधु शर्मा, विनोद अग्रवाल आदि मौजूद रहे।

 पुलिस ने मुख्यमंत्री के आगमन से पहले कई लोगों को किया नजरबंद

मथुरा। मुख्यमंत्री के आगमन से पहले पुलिस ने कई लोगों को नजरबंद किया। भारतीय किसान यूनियन के होली गेट चौकी इंचार्ज अवधेश पुरोहित ने भारतीय किसान यूनियन टिकैत के निवर्तमान महानगर अध्यक्ष पवन चतुर्वेदी निवर्तमान शहर अध्यक्ष मुजाहिद कुरैशी को होली गेट चौकी पर किया नजरबंद कियाा। दूसरी ओर भारतीय किसान यूनियन टिकैत के निवर्तमान जिला अध्यक्ष देवेंद्र कुमार रघुवंशी को उनके सिहोरा गांव स्थित आवास पर तथा निवर्तमान जिला महासचिव चौधरी धीरी सिंह मलखान चैधरी को नजरबंद किया। हिंदूवादी संगठन के पदाधिकारियों को पुलिस ने डैंपियर नगर में रोक लिया। ये लोग मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल पर जाने और ज्ञापन देने की कोशिश कर रहे थे।

Dr. Bhanu Pratap Singh