नई दिल्ली/देहरादून: बॉलीवुड अभिनेत्री सारा अली खान (Sara Ali Khan) के हालिया केदारनाथ धाम दौरे को लेकर देश की सियासत और धार्मिक गलियारों में एक नया विवाद खड़ा हो गया है। ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने अभिनेत्री के मंदिर में दर्शन करने और पूजा-अर्चना करने पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने इसे इस्लाम और शरीयत के सिद्धांतों के खिलाफ बताते हुए कहा है कि किसी भी मुस्लिम के लिए मंदिर में पूजा-पाठ करना ‘नाजायज और हराम’ है।
’इस्लाम में शिर्क की इजाजत नहीं, तौबा करें अभिनेत्री’
मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने स्पष्ट किया कि कई मुस्लिम युवाओं द्वारा पूछे गए धार्मिक सवालों के जवाब में उन्होंने यह मत व्यक्त किया है। उन्होंने कहा “शरीयत-ए-इस्लामिया अपने अनुयायियों को किसी भी तरह से ‘शिर्क’ (अल्लाह के साथ किसी अन्य को साझीदार बनाना) करने की अनुमति नहीं देती। चाहे पुरुष हो या महिला, किसी भी मुसलमान का दूसरे धर्म की परंपराओं को अपनाना या मंदिर में पूजा-अर्चना करना पूरी तरह वर्जित है।”
मौलाना ने आगे कहा कि सारा अली खान एक जानी-मानी हस्ती हैं। उन्होंने केदारनाथ मंदिर में दर्शन किए और कतार में लगकर पूजा-पाठ किया, जो शरीयत की नजर में कड़ा गुनाह है। उन्होंने अभिनेत्री को सलाह दी कि उन्हें खुदा की बारगाह में तौबा (माफी) मांगनी चाहिए। हालांकि, मौलाना ने यह भी स्पष्ट किया कि यह उनका निजी धार्मिक मत है और इसे संपूर्ण मुस्लिम समुदाय की एकमत राय न समझा जाए।
बीजेपी और अन्य नेताओं की तीखी प्रतिक्रियाएं
इस पूरे विवाद के सामने आने के बाद राजनीतिक दलों की प्रतिक्रियाएं भी तेजी से सामने आई हैं । एक्ट्रेस के खिलाफ इस तरह के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजेपी प्रवक्ता यासिर जिलानी ने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने खुद को समाज का ठेकेदार और रखवाला मान लिया है, जिनका एकमात्र काम उन हस्तियों पर बयान देना है जिनके बारे में वे कुछ नहीं जानते, जिनके चरित्र और पारिवारिक परिस्थितियों से वे पूरी तरह अनजान हैं।
दूसरी ओर, महाराष्ट्र सरकार के मंत्री नितेश राणे ने सारा अली खान का समर्थन करते हुए कहा कि जो कोई भी व्यक्ति हिंदू मंदिर में आता है, उसका दिल से स्वागत होना चाहिए। सनातन हिंदू धर्म की यही सबसे बड़ी खासियत है कि यह सभी का स्वागत करता है।
5वीं बार केदारनाथ धाम पहुंची थीं सारा अली खान
गौरतलब है कि अभिनेत्री सारा अली खान पिछले दिनों 25 से 27 अक्टूबर के बीच उत्तराखंड के दौरे पर थीं। वे हेलिकॉप्टर से केदारनाथ धाम पहुंची थीं, जहां उन्होंने बेहद सादे लिबास और टोपी पहनकर बाबा केदार के दर्शन किए थे।
वर्ष 2017 में अपनी पहली फिल्म ‘केदारनाथ’ की शूटिंग के दौरान वे करीब दो महीने तक वहीं रुकी थीं। इसके बाद से अब तक वे लगभग 5 बार केदारनाथ धाम और भगवान तुंगनाथ के दर्शन कर चुकी हैं। वे अक्सर अपनी उत्तराखंड यात्राओं की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करती रहती हैं, जिसे लेकर पहले भी कई बार सार्वजनिक बहस छिड़ चुकी है।
- दिल्ली में करोड़ों के सोने की ठगी: आगरा में आधी रात को दिल्ली क्राइम ब्रांच की बड़ी रेड, तीन आरोपी हिरासत में लेकर रवाना - October 29, 2026
- पश्चिम एशिया संघर्ष में 22 भारतीयों की मौत: विदेश मंत्रालय ने पुष्टि की, मृतकों में 14 नाविक भी शामिल - October 29, 2026
- डिजिटल अरेस्ट और साइबर ठगी पर सुप्रीम कोर्ट सख्त: बैंक की लापरवाही पर पीड़ितों को मुआवजा देने और जवाबदेही तय करने का निर्देश - October 29, 2026