गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद पंजाब में बदले हालात को देखते हुए केंद्र सरकार ने शुक्रवार को एक बड़ा फैसला लिया और अकाल तख्त के जत्थेदार हरप्रीत सिंह को Z कैटेगरी की सुरक्षा प्रदान कर दी है. सरकार के इस फैसले के बाद जत्थेदार हरप्रीत सिंह को CRPF द्वारा यह सुरक्षा प्रदान की जाएगी. केंद्र की तरफ से इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं.
गौरतलब है कि अकाल तख्त के जत्थेदार हरप्रीत सिंह (Giani Harpreet Singh) भी उन लोगों की लिस्ट में शामिल थे जिनकी भगवंत मान सरकार ने सुरक्षा घटाई थी. जत्थेदार हरप्रीत सिंह की सुरक्षा में पहले छह पुलिसकर्मी मौजूद हुआ करते थे जिसे घटाकर तीन कर दिया गया था. पंजाब सरकार के इस फैसले के बाद जत्थेदार हरप्रीत सिंह ने कहा था कि उन्हें राज्य सरकार से किसी प्रकार की सुरक्षा नहीं चाहिए क्योंकि उनकी सुरक्षा के लिए पंजाब के नौजवान ही काफी हैं.
सूत्रों के अनुसार जत्थेदार हरप्रीत सिंह की सुरक्षा को लेकर केंद्र सरकार की सुरक्षा एजेंसियों की तरफ से एक रिपोर्ट केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेजी गई थी जिसके बाद गृह मंत्रालय ने यह फैसला लिया और केंद्रीय अर्धसैनिक बल को जत्थेदार हरप्रीत सिंह की सुरक्षा में तैनात किया. जल्द ही सीआरपीएफ के जवान ज्ञानी हरप्रीत सिंह की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल लेंगे.
आपको बता दें कि पंजाब सरकार ने जब पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की सुरक्षा घटाई थी उसके 24 घंटे के अंदर ही उनकी ताबड़तोड़ गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. गायक सिद्धू मूसेवाला की दिन दहाड़े हुई हत्या के बाद से पंजाब में तनाव की स्थिति बनी है. पुलिस इस मामले में जांच कर रही है.
-एजेंसियां
- मैया मायावती जी को…बसपा सुप्रीमो को मां दुर्गा के 10 हाथों वाले स्वरूप में दिखाने वाला पोस्टर चर्चा में - October 27, 2026
- शायरी और सुरों का अलौकिक संगम: जावेद अख्तर और मोहम्मद वकील लेकर आए नई रूहानी ग़ज़ल ‘बाज़ाहिर क्या है’ - October 27, 2026
- नितेश तिवारी की ‘रामायण’ के लिए यश का बड़ा मास्टरस्ट्रोक: कर्नाटक में फिल्म के डिस्ट्रीब्यूशन की कमान संभालेंगी ‘मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस’ - October 27, 2026