आगरा। बरहन थाना क्षेत्र के अहारन चौकी अंतर्गत चोरों ने किसानों की आजीविका पर सीधा वार करते हुए एक ही रात में दो गांवों के छह नलकूपों को निशाना बना लिया। 29–30 जनवरी की रात हुई इस वारदात में चोर ट्यूबवेलों से विद्युत केबल काटकर फरार हो गए। सुबह घटना का पता चलते ही किसानों में आक्रोश फैल गया।
जानकारी के मुताबिक गांव यूसुफपुर के उपेंद्र बघेल और चंद्रपाल, जबकि गांव नवारी के भूरी सिंह, बृजेश और भूप सिंह समेत कुल छह किसानों के नलकूपों से केबल चोरी हुई है। चोरों ने अंधेरे का फायदा उठाते हुए खेतों में लगे ट्यूबवेलों से बिजली की केबल काटी और मौके से ले गए।
सुबह खेतों पर पहुंचे किसानों को जब नलकूप बंद मिले, तब चोरी की जानकारी हुई। पीड़ित किसानों ने थाना बरहन में तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
किसानों का कहना है कि केबल चोरी से उन्हें न केवल आर्थिक नुकसान हुआ है, बल्कि रबी फसल की सिंचाई भी बाधित हो गई है, जिससे पैदावार पर असर पड़ने की आशंका है। उन्होंने अहारन चौकी पुलिस से रात की गश्त बढ़ाने, चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने और सक्रिय चोर गिरोह पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है और संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
- दिल्ली पुलिस के ‘पीस बॉन्ड’ नोटिस के खिलाफ हाईकोर्ट पहुंचीं AISA अध्यक्ष नेहा बोरा: CEC के खिलाफ प्रदर्शनों के बीच तत्काल सुनवाई की मांग - October 19, 2026
- CJP के विरोध प्रदर्शन के बीच केंद्र सरकार ने Meta को दिया कंटेंट रिकमेंडेशन सिस्टम और एल्गोरिदम ठीक करने का निर्देश - October 19, 2026
- आगरा श्रीरामलीला महोत्सव: “रणभूमि में मेघनाद का अंत; लक्ष्मण के प्रहार से धड़ाम गिरा रावण का पुत्र, गूंज उठे ‘जय श्रीराम’ के जयघोष” - October 19, 2026