आगरा। फतेहहाबाद के विधायक छोटेलाल वर्मा के नाती हर्ष वर्मा के साथ थाना ताजगंज क्षेत्र में हुई मारपीट, लूट और फायरिंग की घटना ने शहर में हड़कंप मचा दिया है। देर रात ‘आई लव आगरा’ प्वाइंट के पास हुई इस घटना में आरोपियों ने न केवल हर्ष के साथ मारपीट की, बल्कि लाखों रुपये लूटने और जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने का भी आरोप है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
पीड़ित हर्ष वर्मा के अनुसार, वह अपने मित्र को छोड़ने के लिए टीडीआई सिटी गया था। वापसी में भोजन की तलाश में वह ‘अनप्लग्ड कोर्टयार्ड’ पहुंचा, लेकिन रेस्टोरेंट बंद मिलने पर वह ‘आई लव आगरा’ प्वाइंट के पास रुका। हर्ष का आरोप है कि वहां पहले से मौजूद कलाल खेरिया निवासी धर्मेन्द्र राजपूत और फतेहाबाद के पीपल चौकी निवासी सोनू वर्मा ने उसे रोक लिया। दोनों कथित तौर पर शराब के नशे में थे।
पिस्तौल दिखाकर की फायरिंग
हर्ष ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने आते ही उससे रुपयों की मांग की। विरोध करने पर उन्होंने मारपीट शुरू कर दी और कार के डैशबोर्ड में रखे 65,200 रुपये जबरन छीन लिए। जब हर्ष ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने पिस्तौल तान दी और जान से मारने की नियत से फायरिंग कर दी। हर्ष बाल-बाल बच गया, लेकिन इस घटना के बाद से वह दहशत में है। पीड़ित का दावा है कि उसे लगातार फोन पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां मिल रही हैं।
पुलिस जांच और सीसीटीवी फुटेज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल मच गई। ताजगंज पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान और घटना की पुष्टि की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
इस घटना ने आगरा के सुरक्षित माने जाने वाले इलाकों में रात के समय सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर बताए जा रहे हैं।
- आगरा के पिनाहट में दहशत: खेत पर चारा लेने जा रही 65 वर्षीय वृद्ध महिला पर जंगली जानवर ने किया हमला, हालत गंभीर - September 19, 2026
- आगरा के पिनाहट में दहशत: खेत पर चारा लेने जा रही 65 वर्षीय वृद्ध महिला पर जंगली जानवर ने किया हमला, हालत गंभीर - September 19, 2026
- आगरा के खंदारी क्षेत्र में सड़क पर युवक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल - September 19, 2026