आगरा: खंदौली थाना क्षेत्र के अंतर्गत यमुना एक्सप्रेसवे इंटरचेंज के नीचे सोमवार को कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ती नजर आईं। आगरा-अलीगढ़ रोड पर दो पक्षों के बीच हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। सड़क पर सरेआम लाठी-डंडे चलने से न केवल अफरा-तफरी मची, बल्कि राहगीर भी दहशत में आ गए।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक पक्ष की महिला ने आरोप लगाया कि पड़ोस में रहने वाला डेनी (पुत्र लाल सिंह) उसकी बेटी का काफी दिनों से पीछा कर रहा था और उसे लगातार परेशान कर रहा था। जब पीड़िता के परिजनों ने इस हरकत का विरोध किया, तो मामला गर्मा गया। विरोध के कुछ ही देर बाद दूसरा पक्ष लाठी-डंडों से लैस होकर मौके पर पहुँच गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई।
वायरल हुआ वीडियो, पुलिस ने की कार्रवाई
सड़क पर चल रहे इस ‘हाईवोल्टेज ड्रामा’ को वहां से गुजर रहे लोगों ने अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया। देखते ही देखते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए खंदौली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि शिकायत और वीडियो के आधार पर दोनों पक्षों के दो-दो व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया गया है।
पुलिस की जांच जारी
थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि शुरुआती जांच में छेड़छाड़ की बात अभी पूरी तरह से पुष्ट नहीं हो पाई है, पुलिस मामले के हर पहलू की गहराई से छानबीन कर रही है। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर कानून को हाथ में लेने और शांति भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। घटना के बाद से क्षेत्र में पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
- 3,400 करोड़ के मालिक बीजेपी विधायक बने ‘भिखारी’: सड़क पर उतरकर मांगी भीख, वजह जानकर रह जाएंगे हैरान - September 15, 2026
- आगरा में श्री हरि सत्संग समिति की नित्य प्रभात फेरी के 15 साल पूरे: भव्य संकीर्तन यात्रा में उमड़े श्रद्धालु, विधायक ने की पुष्पवर्षा - September 15, 2026
- सपा की तुष्टिकरण और जातिगत राजनीति अब जनता के बीच नहीं चलने वाली: भाजपा नेता रोहित कत्याल - September 15, 2026