purushottam khandelwal

भाजपा विधायक ने मुलायम सिंह यादव को सराहा और कहा- ये अंतिम समाजवादी नेता

NATIONAL POLITICS PRESS RELEASE REGIONAL साक्षात्कार

डॉ. भानु प्रताप सिंह

Agra, Uttar Pradesh, India. भारतीय जनता पार्टी के विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव को सराहा है। उन्होंने कहा- मुलायम सिंह यादव वास्तव में समाजवादी नेता हैं। मैं उन्हें सम्मान देता हूँ। लोकतंत्र रक्षक सेनानी पेंशन मुलायम सिंह ने शुरू की थी, उन्हें बधाई है। योगी जी को बधाई कि पेंशन के 20 हजार रुपये किए।

जनसंदेश टाइम्स से बातचीत में पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने कहा कि मुलायम सिंह यादव अंतिम समाजवादी नेता हैं। अब तो मुलायम सिंह यादव को दरकिनार कर दिया है। उनके बाद तो समाजवाद के नाम पर गुंडई है। डॉ. लोहिया, आचार्य नरेन्द्र देव का समाजवाद कहां है? खुली दुकान तुम्हारी, बंद दुकान हमारी जैसे नारे लगाते हैं समाजवादी। सपा के लोगों को क्षमा मांगनी चाहिए कि वैक्सीन के बारे में दुष्प्रचार किया, जिससे कोरोना फैला। अखिलेश यादव ने कहा कि वैक्सीन बीजेपी की है, यह वैज्ञानिकों का अपमान है। वैक्सीन के बारे में उल्टी बातें करने वालों पर कार्रवाई होनी चाहिए।

भाजपा विधायक ने कहा कि आज महात्मा गांधी का देश बन रहा है। लोहिया का देश बन रहा है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की भावना का देश बन रहा है। इससे उनमें बौखलाहट पैदा हुई है। आज हम वास्तव में रामराज की ओर बढ़ रहे हैं। कश्मीर से धारा 370 हटाई गई है। राम जन्मभूमि का मामला समाप्त हो रहा है। देश से मुद्दे समाप्त हो रहे हैं। हम राम के नाम पर काम नहीं करते हैं, राम के नाम पर चलते हैं। जिन्होंने राम को काल्पनिक कहा, कोई राम मंदिर की जगह शौचालय बनाने की बात करता था, कोई अस्पताल बनाने की बात करता था, आज वे हमसे कहते हैं कि चंदा खाया। जिन्होंने राम मंदिर के लिए एक रुपया भी नहीं दिया, वे हमसे हिसाब मांग रहे हैं। जिन करोड़ों लोगों ने करोड़ों रुपये दिए हैं, वे कह रहे हैं कि बहुत अच्छा काम चल रहा है।

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की भाषा कांग्रेस, सपा और बसपा बोल रही है। हमने तो बड़े काम कर दिए। भारत में स्वदेशी वैक्सीन बन गई और यह सरकार की इच्छा शक्ति है। कांग्रेस रहती तो अयोध्या को ढूंढते रह जाते और आज वहां मंदिर बन रहा है। कश्मीर और राम जन्मभूमि के लिए आंदोलन करने वाले लाखों कार्यकर्ताओं में मैं भी शामिल था। राम मंदिर के लिए शहीद होने वालों को श्रद्धांजलि है राम मंदिर। अब राष्ट्र मंदिर बनना बाकी रह गया है। हमारा संगठन भाजपा देश को विश्व गुरु के सिंहासन पर निश्चित रूप से बैठाएगा।

Dr. Bhanu Pratap Singh