बीजेपी नेता मोहित कंबोज ने उद्धव ठाकरे पर साधा निशाना – Up18 News

बीजेपी नेता मोहित कंबोज ने उद्धव ठाकरे पर साधा निशाना

POLITICS

 

बीजेपी नेता मोहित कंबोज ने शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे पर एकबार फिर से निशाना साधा है। कंबोज ने कहा कि उद्धव ठाकरे ने महाराष्ट्र की 12 करोड़ जनता को न तो गणेशोत्सव पर कोई बधाई दी और न ही दही हांडी और गणेश विसर्जन पर। कंबोज ने कहा कि ढाई साल बाद हिंदुओं ने जिस उत्साह के साथ इन दोनों त्योहारों को मनाया है, उसके लिए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का दिल से धन्यवाद करता हूं। इसके पहले भी कंबोज, ठाकरे परिवार पर तीखे हमले करते रहे हैं।

कंबोज यहीं नहीं रुके, उन्होंने इसके बाद एक और ट्वीट कर उद्धव ठाकरे पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लगता है कि हिंदुत्व के आगे याकूब मेमन के परिवार का दबाव ज्यादा था। शायद इसी वजह से कब्र को मजार बनाने में तो दिल खोल कर मदद की लेकिन गणपति बप्पा के आगमन की खुशी या उनके विसर्जन को लेकर एक ट्वीट तक नहीं किया।

क्या याकूब की कब्र का मामला

मोहित कंबोज ने याकूब मेनन के बहाने उद्धव ठाकरे पर निशाना साधा है। 1993 मुंबई ब्लास्ट के दोषी याकूब मेमन की कब्र को मजार बनाने की कोशिश की गई है। इसके लिए कब्र के आसपास लाइट्स और मार्बल लगाया गया। हालांकि अब यहां लगी लाइट्स को मुंबई पुलिस ने हटवा दिया है। यह कब्रिस्तान मरीन लाइंस स्टेशन के पास है जिसे बड़ा कब्रिस्तान के नाम से जाना जाता है। कब्र की तस्वीरों को देखकर यह कहा जा सकता है कि चारों तरफ मार्बल कोटिंग की गई थी। कब्र के पास बड़ी-बड़ी लाइट लगाई गईं।

हालांकि यह तस्वीरें पुरानी हैं लेकिन सवाल यह भी है कि इसे लगाने की इजाजत किसने दी? इस मुद्दे पर कब्रिस्तान के केयरटेकर का कहना है कि मेमन परिवार ने यह जगह ली है। याकूब के बाद उसके रिश्तेदारों को भी यहीं दफनाया गया है। वहीं बीजेपी ने इस मामले में तत्कालीन उद्धव ठाकरे सरकार पर कब्र की सजावट का आरोप लगाया था।