बिहार: पुलिस ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटे भाजपा नेता, आंसू गैस के गोले भी दागे – Up18 News

बिहार: पुलिस ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटे भाजपा नेता, आंसू गैस के गोले भी दागे

REGIONAL

 

आज बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता सड़क से सदन तक पैदल मार्च करने उतरे। भाजपा नेता 11 बजे पटना के गांधी मैदान में एकजुट हुए। यहां से जेपी गोलंबर होते हुए डाकबंगला चौराहा पहुंचे। भाजपा नियोजित शिक्षकों को राज्यकर्मा का दर्जा देने की मांग करने लगे। यहां पहले से तैनात पटना पुलिस ने पहले भाजपा नेताओं को पीछे हटने कहा लेकिन भाजपा नेता नहीं माने तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया।

पुलिस ने नेताओं और कार्यकर्ताओं को दौड़ा-दौड़ाकर पीटने लगे। इतना ही नहीं आंसू गैस के गोले भी दागे गए। पुलिस ने वाटर कैनन का प्रयोग किया। इसी दौरान भाजपा के नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा, महाराजगंज सांसद जनार्दन सिग्रीवाल समेत कई नेता चोटिल हो गए। आरोप है कि सांसद सिग्रीवाल को भी पुलिस ने लाठी से पीटा। इसमें वह घायल हो गए। उनके सिर और चेहरे पर चोट आई है। पुलिस ने सम्राट चौधरी, रेणु देवी, प्रेम कुमार, संजय सरावगी समेत कई नेताओं को हिरासत में ले लिया। सभी को बस भरकर ले गई।

भाजपा ने कहा, यह अन्याय है

भाजपा सांसद सुशील मोदी ने कहा कि सरकार आंदोलन को कुचलने की कोशिश कर रही है। पटना पुलिस ने महिलाओं को भी दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया है। यह अन्याय है। वहीं पूर्व मंत्री शाहनवाज हुसैन ने कहा कि यह अन्याय है। लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। हमलोग शांतिपूर्व तरीके से आगे बढ़ रहे थे इतने में पुलिसकर्मी लाठी बरसाने लगे।

भाजपा के आंदोलन से बिहार सरकार डर गई है। गांधी मैदान में भाजपा नेताओं ने कहा कि आपने बिहार के युवाओं से 10 लाख रोजगार देने का वादा किया हुआ था उसका क्या हुआ। राज्यसभा सांसद राकेश सिन्हा ने कहा कि आज के चंद्रगुप्त नरेंद्र मोदी हैं। उनके नेतृत्व में बिहार में भी भाजपा की सरकार बने। बिहार में सत्ता का परिवर्तन अनिवार्य है। क्योंकि ऐसा जनता चाह रही है।

सांसद रामकृपाल यादव बोले, बिहार सरकार भाजपा के आंदोलन से बौखला गई

इधर, डाकबंगला चौराहा पूरी तरह से रणक्षेत्र में तब्दील हो गया है। सैकड़ों पुलिसकर्मी तैनात हैं। भाजपा नेताओं को जब आगे नहीं बढ़ने नहीं दिया गया तो प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी समेत दर्जनों नेता बीच रोड पर बैठ गए। भाजपा सांसद रामकृपाल यादव ने कहा कि हमलोग शांतिपूर्ण तरीके से मार्च पर निकले थे। अचानक पटना पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। नीतीश सरकार भाजपा के आंदोलन से बौखला गई है। इसलिए ऐसा तानाशाही रवैया अपना रही है। इधर, इस आंदोलन के कारण गांधी मैदान और डाकबंगला चौराहा इलाके में यातायात व्यवस्था पूरी तरह ठप है। आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा रहा है।

इन मुद्दों को लेकर सड़क पर उतरी भाजपा

नियोजित शिक्षकों को राज्यकर्मी का दर्जा देना
10 लाख लोगों को सरकारी नौकरी देने के वादा का क्या हुआ
चार्जशीटेड डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव का इस्तीफा  

जहानाबाद के भाजपा नेता की मौत

भाजपा के विधानसभा मार्च के दौरान पटना पुलिस पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज में दर्जनों विधायक और सांसद घायल हो गए। इसमें एक भाजपा नेता की मौत हो गई है। राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी ने दावा किया है कि लाठीचार्ज के दौरान जहानाबाद के जिला महामंत्री विजय कुमार सिंह के सिर में चोट लग गई। गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई।

पटना जिला प्रशासन की ओर से कहा गया है कि जहानाबाद के विजय सिंह छज्जू बाग में सड़क किनारे अचेतावस्था में पाए गए थे। शरीर पर कोई चोट का निशान नहीं है। उन्हें PMCH के ICU में भर्ती कराया गया है। विस्तृत विवरण प्राप्त किया जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। मामले की जांच करवाई जा रही है।

Dr. Bhanu Pratap Singh