Agra News: राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद्द करने पर आक्रोशित यूथ कांग्रेस ने किया आगरा-दिल्ली हाइवे जाम, की मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी – Up18 News

राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद्द करने पर आक्रोशित यूथ कांग्रेस ने किया आगरा-दिल्ली हाइवे जाम, मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी

POLITICS

 

आगरा: कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की लोकसभा से सदस्यता समाप्त होने के बाद से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में रोष व्याप्त है। कांग्रेस कार्यकर्ता लोकसभा सचिवालय के इस निर्णय के विरोध में सड़कों पर उतर आए हैं। इसी क्रम में आज आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आगरा में अब्बू लाला दरगाह के दिल्ली हाईवे पर जमकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर लेट गए और पीएम मोदी के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रर्दशन के चलते हाइवे से गुजरने वाले वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया। हाईवे जाम हो गया और वाहनों की लंबी लंबी लाइन लग गयी। घटना की जानकरी होते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बल पूर्वक उठाया और सभी को गिरफ्तार कर लिया। प्रदर्शन करने वाले सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को थाना न्यू आगरा ले जाया गया।

राहुल गांधी की सांसद सदस्यता समाप्त किये जाने से नाराज यूथ कांग्रेस पश्चिमी यूपी के प्रदेश अध्यक्ष ओमवीर यादव शनिवार सुबह आगरा पहुँच गए। शहर कांग्रेस कार्यालय पर शहर व जिला अध्यक्ष के साथ बैठक की और उसके साथ ही आंदोलन की रणनीति तैयार हो गयी। सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाइवे की ओर कूच कर दिया। अब्बू लाला दरगाह पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया और नारेबाजी करते हुए रोड को जाम कर दिया।

कांग्रेसियों से हुई तड़का भड़की

पुलिस के पहुँचते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस में तीखी नोकझोंक होने लगी। पुलिस कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हाइवे से हटाकर हाइवे खुलवाना चाहती थी तो कांग्रेसियों ने भी अपने विरोध प्रदर्शन जारी रखना चाहती थी। इस बीच पुलिस और कांग्रेसियों में तड़का भड़की हुई और पुलिस ने हल्का बल का प्रयोग शुरू कर दिया। पुलिस ने लगभग दो दर्जन से अधिक कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। इसके बाद सभी को थाना न्यू आगरा लेकर आई और जहां सभी को नजरबंद कर दिया है। थाने में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच की की नोकझोंक भी हुई। कार्यकर्ताओं ने थाने पर धरना भी दिया। बाद में पुलिस ने कानूनी कार्यवाही को अंजाम देने के बाद सभी को रिहा कर दिया गया।

यूथ कांग्रेस के पश्चिमी यूपी के प्रदेश अध्यक्ष ओमवीर यादव कहा कि इस समय देश में तानाशाह की सरकार चल रही है। जो भी उनके खिलाफ संसद या फिर बाहर आवाज उठाता है, उसकी आवाज को दबाने का काम किया जा रहा है। जिसका नतीजा राहुल गांधी की सांसद सदस्यता रद्द करना है। उन्होंने कहा कि तानाशाह के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन जारी रहेगा। चाहे जितनी भी गिरफ्तारी देनी हो कांग्रेस कार्यकर्ता देगा और तानाशाह की जेलों को भर देगा।