मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में अपराधियों के खिलाफ जारी अभियान के तहत बृहस्पतिवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। बुढ़ाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई में 50 हजार रुपये का इनामी अपराधी अमजद पुलिस की जवाबी फायरिंग में ढेर हो गया। इस मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जबकि हमलावरों की गोली एसपी देहात आदित्य बंसल की बुलेटप्रूफ जैकेट में जा लगी, जिससे उनकी जान बाल-बाल बची।
संयुक्त टीम ने घेरा, बदमाशों ने शुरू की फायरिंग
एसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि तड़के करीब तीन बजे बुढ़ाना, तितावी और शाहपुर पुलिस की संयुक्त टीम गश्त पर थी। तभी बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन उन्होंने रुकने के बजाय पुलिस पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों की गोली एसपी देहात की गाड़ी और उनकी बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी।
अन्तर्राज्यीय अपराधी का अंत
पुलिस की आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में अमजद गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अमजद शाहपुर थाना क्षेत्र के हरसोली गांव का निवासी था। उस पर मेरठ, बिजनौर, सहारनपुर, गाजियाबाद समेत कई जिलों में हत्या, लूट और गैंगस्टर जैसी संगीन धाराओं में 40 से अधिक मुकदमे दर्ज थे। वह हाल ही में बुढ़ाना कोतवाली में लूट के दो मामलों में वांछित था।
दरोगा और सिपाही घायल, भारी असलाह बरामद
मुठभेड़ के दौरान बुढ़ाना कोतवाली के दरोगा संदीप और सिपाही अशफाक घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से एक कार्बाइन, पिस्टल, कुछ जेवरात और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं। अमजद का दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा, जिसकी तलाश में पुलिस कॉम्बिंग अभियान चला रही है।
- आगरा के थाना सैंया क्षेत्र में सनसनीखेज वारदात, मेले से लापता हुई लड़की का शव पेड़ से लटका मिलने से मचा हड़कंप - September 14, 2026
- आगरा बेसिक शिक्षा विभाग में ट्रांसफर सूची को लेकर मचा हड़कंप, खंड शिक्षाधिकारी के पद पर दर्ज हो गया सहायक अध्यापक का नाम - September 14, 2026
- आगरा के बापू नगर में 60 वर्षों से बसे 200 से अधिक परिवारों पर मंडराया बेघर होने का खतरा, सिंचाई विभाग के नोटिस से मची खलबली - September 14, 2026