आगरा की ‘रंगीन’ होली: दो दिन में 37 करोड़ की शराब गटक गए शहरवासी, गुझिया और मिठाई का भी टूटा रिकॉर्ड

स्थानीय समाचार

आगरा। ताजनगरी में इस बार होली का त्योहार न केवल रंगों बल्कि रिकॉर्डतोड़ कारोबार के लिए भी याद किया जाएगा। ताजनगरी के लोगों ने इस साल होली को बेहद ‘शाही’ अंदाज में मनाया। ताजा आंकड़ों के अनुसार, शहरवासियों ने महज दो दिनों के भीतर 37 करोड़ रुपये की शराब का उपभोग किया, जबकि मिठाई और रंग-गुलाल के बाजार ने भी नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं।

शराब की बिक्री में 20% का जबरदस्त उछाल

आबकारी विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, होली के अवसर पर शराब की मांग में सामान्य दिनों के मुकाबले 20 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। जिले की 266 कंपोजिट शॉप, 338 देशी शराब की दुकानें और मॉडल शॉप्स पर सुबह से ही लंबी कतारें देखी गईं। लोगों ने त्योहार से पहले ही स्टॉक जमा करना शुरू कर दिया था, जिसके चलते विभाग को भारी राजस्व प्राप्त हुआ है।

गुझिया और मिठाइयों की मिठास

होली के पारंपरिक पकवानों का जादू भी सिर चढ़कर बोला। शहर में लगभग 22 करोड़ रुपये की मिठाई और चॉकलेट की बिक्री हुई। इसमें सबसे बड़ा हिस्सा गुझिया का रहा, जिसकी कुल बिक्री करीब 5 से 7 करोड़ रुपये के बीच रही। मिठाई की दुकानों पर सुबह से ही ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ी और लोगों ने गुझिया के साथ-साथ मठरी और प्रीमियम चॉकलेट गिफ्ट पैक की जमकर खरीदारी की।

रंगों और पिचकारियों का 25 करोड़ी बाजार

​होली के रंग-गुलाल और पिचकारी का कारोबार भी पिछले साल के मुकाबले काफी बेहतर रहा। करीब 25 करोड़ रुपये के इस बाजार में इस बार हर्बल और प्रीमियम गुलाल की मांग सबसे अधिक रही। बच्चों में प्रेशर सिलिंडर, वॉटर टैंक, बड़ी गन और कलर स्प्रे का क्रेज देखा गया। युवाओं ने भी केमिकल रहित रंगों को प्राथमिकता दी, जिससे बाजार में हर्बल उत्पादों की खपत बढ़ी।

स्पष्ट है कि आगरा के बाजार के लिए यह होली खुशियों और मुनाफे की बड़ी सौगात लेकर आई है।

Dr. Bhanu Pratap Singh