आगरा: ताजनगरी की सबसे व्यस्त और वीआईपी मानी जाने वाली फतेहाबाद रोड पर रईसजादों की खतरनाक लापरवाही का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जंगल की आग की तरह वायरल हो रहा है। अमर होटल के पास युवाओं ने चलती कार की सनरूफ से बाहर निकलकर और खिड़कियों से लटककर न केवल अपनी जान जोखिम में डाली, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य राहगीरों के लिए भी काल बन गए।
जाम के बीच रईसजादों की ‘गुंडागर्दी’
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक सफेद रंग की कार के सनरूफ से कुछ युवक बाहर निकले हुए हैं, जबकि एक युवक चलती गाड़ी की खिड़की से बाहर लटककर स्टंट कर रहा है। हैरानी की बात यह है कि यह हरकत उस मार्ग पर हुई जो पहले से ही ट्रैफिक जाम के लिए बदनाम है। भारी ट्रैफिक के बीच इस तरह की स्टंटबाजी कभी भी बड़े हादसे का सबब बन सकती थी।
पर्यटन मार्ग पर सुरक्षा के दावों की पोल खुली
फतेहाबाद रोड शहर का मुख्य पर्यटन मार्ग है, जिससे होकर रोजाना हजारों विदेशी पर्यटक ताज का दीदार करने जाते हैं। ऐसे संवेदनशील मार्ग पर सरेआम नियमों की धज्जियां उड़ाना आगरा पुलिस की गश्त और ट्रैफिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों में इस वीडियो को लेकर भारी रोष है।
कठोर कार्रवाई की मांग: भारी जुर्माना और जेल संभव
मोटर वाहन अधिनियम के तहत चलती गाड़ी में इस तरह के स्टंट करना गैर-कानूनी है। इसमें भारी जुर्माना और चालक का लाइसेंस रद्द करने के साथ-साथ जेल भेजने तक का प्रावधान है।
स्थानीय नागरिकों ने आगरा पुलिस और ट्रैफिक विभाग से मांग की है कि CCTV और वायरल वीडियो के जरिए कार के नंबर की पहचान की जाए। स्टंट करने वाले युवाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई हो। भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए चेकिंग पॉइंट बढ़ाए जाएं।
- आगरा श्रीरामलीला कमेटी चुनाव: पुरुषोत्तम खंडेलवाल अध्यक्ष और राजीव अग्रवाल महामंत्री निर्विरोध निर्वाचित - March 24, 2026
- मिशन शक्ति को ठेंगा! ऑटो में बजते द्विअर्थी गाने और बिना वेरिफिकेशन दौड़ते चालक; आगरा पुलिस के ‘QR कोड’ अभियान का क्या हुआ? - March 24, 2026
- संसद में गूंजी किसानों की आवाज: सांसद राजकुमार चाहर के सवाल पर कृषि मंत्री ने पेश किए AIF योजना के ‘सफल’ आंकड़े - March 24, 2026