आगरा। ट्रांसयमुना थाना क्षेत्र स्थित महादेव हॉस्पिटल में 28 वर्षीय प्रसूता की मौत के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया। डिलीवरी के कुछ ही देर बाद हालत बिगड़ने और समय पर उचित उपचार न मिलने का आरोप लगाते हुए परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
परिजनों के अनुसार डॉली को पेट दर्द की शिकायत के बाद महादेव हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकीय देखरेख में शाम के समय उसने एक पुत्र को जन्म दिया, लेकिन प्रसव के बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। आरोप है कि हालत गंभीर होने के बावजूद अस्पताल में न तो विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध कराए गए और न ही समय रहते समुचित इलाज किया गया।
परिजनों का कहना है कि जब स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई, तब अस्पताल प्रबंधन ने उसे सिकंदरा स्थित एक अन्य अस्पताल रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान डॉली की मौत हो गई। इस घटना से आहत परिजनों ने शव को महादेव हॉस्पिटल के बाहर रखकर जोरदार हंगामा किया और अस्पताल संचालक व स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
सूचना मिलते ही ट्रांसयमुना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझा-बुझाकर स्थिति को शांत कराया। पुलिस अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और अस्पताल प्रबंधन से पूछताछ भी की जा रही है।
इस घटना ने एक बार फिर निजी अस्पतालों में इलाज की गुणवत्ता, आपात स्थितियों में त्वरित रेफरल व्यवस्था और प्रसूता सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
- हिंदी केवल भाषा नहीं, राष्ट्र की आत्मा है: विश्व हिंदी दिवस पर आगरा में गूंजा संस्कारों का स्वर - January 12, 2026
- यूपी में ड्यूटी से गैरहाजिर रहने वाले डॉक्टरों पर गिरी गाज, डिप्टी CM ब्रजेश पाठक ने 17 चिकित्साधिकारियों को किया बर्खास्त - January 12, 2026
- 17 साल का रिश्ता और एक खौफनाक अंत: हरदोई के थाने में पति ने सरेआम पत्नी को मारी गोली - January 12, 2026