आगरा। घने कोहरे के कारण आगरा–जयपुर हाईवे पर हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को आगरा–फतेहपुर सीकरी राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम महुअर स्थित लैदर पार्क के पास एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए आगरा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना किरावली क्षेत्र के गांव खेड़ा बाकंदा निवासी बृजेश लवानियां पुत्र भानुप्रताप किसी कार्य से बाइक द्वारा आगरा जा रहे थे। उनके साथ पड़ोसी गांव अभुआपुरा निवासी महेश भी सवार था। जैसे ही दोनों युवक महुअर नाले के पास लैदर पार्क के समीप पहुंचे, तभी आगरा की ओर से किरावली की तरफ आ रही स्विफ्ट कार संख्या UP80 HU 3152 ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क किनारे जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही किरावली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस के जरिए इलाज के लिए आगरा भिजवाया।
पुलिस के अनुसार समय रहते उपचार मिलने से दोनों युवकों की जान बच गई। दुर्घटनाग्रस्त कार को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
बताया जा रहा है कि पिछले कई दिनों से घने कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम बनी हुई है, जिससे हाईवे पर तेज रफ्तार वाहन दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। प्रशासन लगातार वाहन चालकों से सावधानी बरतने, सीमित गति में वाहन चलाने और ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील कर रहा है, लेकिन लापरवाही के चलते हादसे थम नहीं रहे हैं।
- अयोध्या में भूपेंद्र चौधरी का विपक्ष पर तीखा हमला: बोले— “इंदिरा गांधी ने आपातकाल लगाकर संविधान को किया कमजोर, आज वही लोग उठा रहे हैं सवाल” - October 19, 2026
- शारदीय नवरात्र की नवमी पर सीएम योगी ने किया कन्या पूजन, कहा- मां सिद्धिदात्री के आशीर्वाद से यूपी की नारीशक्ति निभा रही है निर्णायक भूमिका - October 19, 2026
- टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस; कोटा से तीन आरोपी गिरफ्तार, नेपाल भागने की फिराक में थे बदमाश - October 19, 2026