आगरा। थाना एकता क्षेत्र में 1 नवंबर 2025 को हुई ट्रांसफार्मर चोरी की बड़ी वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। चोरी में शामिल गैंग का एक सदस्य मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हुआ, जबकि उसके चार साथी गिरफ्तार कर लिए गए। घटना के बाद से ही थाना एकता पुलिस, सर्विलांस टीम और एसओजी नगर जोन की संयुक्त टीमें इस गैंग की तलाश और चोरी हुए सामान की बरामदगी में जुटी थीं।
बीती देर रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ट्रांसफार्मर चोरी में शामिल कुछ आरोपी रमाडा कट के पास एक संदिग्ध ऑटो के साथ मौजूद हैं। इस पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध ऑटो को रोकने का प्रयास किया। तभी उसमें सवार बदमाश पुलिस पर जानलेवा फायरिंग करते हुए भागने लगे।
पुलिस ने घेराबंदी कर जवाबी कार्रवाई की। इसी दौरान आरोपी धर्मवीर के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे तुरंत पकड़ लिया और इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया। मौके से पुलिस ने उसके चार अन्य साथियों को भी दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 02 अवैध तमंचे, 315 बोर के 02 जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त ऑटो, तथा चोरी किए गए ट्रांसफार्मर के एल्यूमीनियम और कॉपर तार बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार गैंग लंबे समय से बिजली उपकरणों की चोरी में शामिल था। सभी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। सहायक पुलिस आयुक्त, ताज सुरक्षा, कमिश्नरेट आगरा ने मुठभेड़, गिरफ्तारी और बरामदगी को लेकर आधिकारिक जानकारी साझा की है।
- बसपा में बड़े संगठनात्मक फेरबदल के बीच बदले सियासी समीकरण: आकाश आनंद ने बायो से हटाया ‘कार्यकर्ता’ का पद, छोटे भाई ईशान आनंद को मिली 15 राज्यों की कमान - September 7, 2026
- दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत ढहने की घटना: न्यायिक जांच के आदेश, मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 6, अवैध निर्माणों पर होगी सख्त कार्रवाई - September 7, 2026
- सर्टिफाइड गाइडिंग लायन कार्यशाला: नए क्लबों को सशक्त नेतृत्व देने के लिए 48 लायन लीडर्स ने लिया प्रशिक्षण - September 7, 2026