आगरा। नाई की मंडी स्थित प्राचीन वैष्णव पीठ श्री प्रेमनिधि मंदिर में श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अगले दिन भाद्रपद कृष्ण नवमी पर पारंपरिक नंदोत्सव (दधि-कांदो) पुष्टिमार्गीय सेवा-मर्यादा, वात्सल्य भाव और उल्लास के साथ मनाया गया। जन्माष्टमी में ठाकुर जी के प्राकट्य की खुशी के बाद नंदोत्सव में गोकुल के नंद बाबा और यशोदा मैया के घर छाए आनंद और उत्सव की लीला को भावपूर्वक जीवंत किया गया।
नंदोत्सव के अवसर पर बाल स्वरूप ठाकुर जी को सुसज्जित पालने में विराजमान कराया गया। मंदिर में उपस्थित वैष्णवजनों ने बाल गोपाल के दर्शन कर प्रभु को पालना झुलाया और जन्म की बधाइयां गाईं। मंदिर परिसर ‘नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ जैसे बधाई पदों एवं हवेली संगीत के मधुर स्वरों से गुंजायमान रहा।
मंदिर के मुख्य सेवा अधिकारी हरि मोहन गोस्वामी एवं प्रभु के सेवा अधिकारी सुनीत गोस्वामी ने बताया कि पुष्टिमार्ग में नंदोत्सव केवल उत्सव नहीं, बल्कि प्रभु के बाल स्वरूप के प्रति वात्सल्य और प्रेम को अभिव्यक्त करने का विशिष्ट अवसर है। जन्माष्टमी पर श्रीकृष्ण के प्राकट्य के पश्चात नंद बाबा के घर हुए आनंदोत्सव को सेवा एवं भाव के माध्यम से मंदिर में अनुभव किया जाता है। भक्त प्रभु को बालक मानकर उनकी प्रसन्नता में अपनी प्रसन्नता अनुभव करते हैं।
उत्सव का विशेष आकर्षण पारंपरिक ‘दधि-कांदो’ रहा। हल्दी, दूध और दही के छिड़काव के साथ वैष्णवजन आनंद और उल्लास में झूम उठे। बधाई गीतों और कीर्तन के बीच दधि-कांदो की परंपरा ने पूरे वातावरण को गोकुल की आनंदमयी अनुभूति से भर दिया। श्रद्धालुओं ने नृत्य और संकीर्तन के माध्यम से नंदोत्सव की खुशी मनाई।
मंदिर प्रबंधक दिनेश पचौरी ने बताया कि मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष व्यवस्थाएं की गईं। संपूर्ण आयोजन की व्यवस्था आशीष पचौरी, रानू, विशाल, राजेश धाकड़, राहुल, हर्षुल एवं सागर शिवहरे ने संभाली।
इस अवसर पर सुरेश पचौरी, महेश, मनीष अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।
- आगरा में भव्यता के साथ नगर भ्रमण को निकला भगवान श्रीकृष्ण का डोला, सांसद नवीन जैन ने किया शुभारंभ, गूंजे ‘जय कन्हैया लाल के’ जयकारे - September 5, 2026
- नंद घर आनंद भयो… दधि-कांदो के उल्लास में झूमे वैष्णवजन, आगरा के प्रेमनिधि मंदिर में मनाया नंदोत्सव - September 5, 2026
- आगरा में श्री खाटू श्याम जी मंदिर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया नंदोत्सव: बच्चों को बांटे गए खिलौने, गूंजे ‘जय कन्हैया लाल की’ के जयकारे - September 5, 2026