आगरा। बाह थाना क्षेत्र के बृसंगपुरा गांव में सोमवार को निर्माणाधीन मकान की छत गिरने से बड़ा हादसा हो गया। छत के मलबे में दबने से 12 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, गांव में एक मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। दो दिन पहले ही गाटर-पत्थरों से छत डाली गई थी। सोमवार को मजदूर अलिम पुत्र इमाम और आरिफ पुत्र समसुद्दीन छत पर ईंट और बालू चढ़ाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान भारी मात्रा में निर्माण सामग्री एक साथ छत पर रख दी गई, जिससे नई बनी छत पर अत्यधिक दबाव पड़ गया।
बताया गया कि उसी समय गांव का 12 वर्षीय अर्पित पुत्र धर्मेंद्र भी छत पर मौजूद था। अचानक गाटर पर रखे पत्थर टूट गए और पूरी छत भरभराकर नीचे गिर गई। तीनों लोग मलबे में दब गए। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला।
घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाह ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अर्पित को मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। अर्पित के पिता भारतीय सेना में तैनात हैं और वर्तमान में अयोध्या में ड्यूटी पर बताए गए हैं।
दोनों घायल मजदूरों का उपचार जारी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जाएगी।
- हिंदी दिवस पर आगरा के केएमआई में काव्यपाठ प्रतियोगिता: पीजीडीएमसी के योगेश शर्मा रहे प्रथम, शिवानी और रोहित ने मारी बाजी - September 14, 2026
- महाभिषेक के साथ आगरा में शुरू हुआ 12 दिवसीय पंचम गणेश महोत्सव, छलेसर रोड स्थित महागणपति मंदिर में उमड़े श्रद्धालु - September 14, 2026
- सोशल मीडिया के जाल से दूर रहें किशोरियां… डॉ. सीमा प्रताप बोलीं— ‘हॉस्टल का अनुशासन भविष्य की चुनौतियों के लिए करता है तैयार’ - September 14, 2026