आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के न्यू आगरा थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहाँ एक विवाहिता के साथ धोखाधड़ी और दहेज उत्पीड़न का आरोप लगा है। पीड़िता के पिता द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, ससुराल पक्ष ने विवाह से पूर्व पति की पहली शादी और उसके दो बच्चों की जानकारी को पूरी तरह छिपाकर रखा था। इस खुलासे के बाद पीड़िता के परिवार में हड़कंप मच गया है।
क्या है पूरा मामला?
दयालबाग के रोशनबाग निवासी कम्मोद सिंह त्यागी ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री श्वेता उर्फ कविता त्यागी का विवाह 26 जनवरी 2023 को पवन उर्फ परर्वेन्द्र त्यागी के साथ हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया था। शादी में परिवार ने अपनी सामर्थ्य से अधिक धन खर्च किया और पर्याप्त दहेज व उपहार भी दिए।
पिता का आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद उन्हें पता चला कि पवन पहले से ही शादीशुदा है और उसकी पहली पत्नी से दो बच्चे भी हैं। यह तथ्य विवाह से पहले जानबूझकर छिपाया गया, ताकि पीड़ित परिवार को धोखे में रखा जा सके।
दहेज की मांग और प्रताड़ना
पीड़िता के परिवार का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष के लोगों का रवैया बदल गया। उन्होंने अतिरिक्त दहेज के रूप में 5 लाख रुपये नकद और एक ‘अपाचे’ मोटरसाइकिल की मांग शुरू कर दी। जब पीड़िता के परिवार ने यह मांग पूरी करने में असमर्थता जताई, तो श्वेता को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। तंग आकर आखिरकार पीड़िता के पिता को पुलिस की शरण लेनी पड़ी।
किनके खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा?
पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट में पवन उर्फ परर्वेन्द्र त्यागी, ललितेंद्र त्यागी, रौनक, हेमलता, अशोक कुमार, कुसुम त्यागी और आशा को नामजद किया गया है।
पुलिस की कार्रवाई
न्यू आगरा थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए निष्पक्ष जांच की जा रही है। साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी।
- आगरा में खौफनाक वारदात: कुल्हाड़ी लेकर पत्नी पर टूटे पति-जेठ, पुलिस ने आरोपी पति को भेजा जेल - June 19, 2026
- आगरा में सजेगा ‘बेस्ट फादर अवार्ड-2026’ का मंच: 21 जून को आठ प्रेरणादायी पिताओं का होगा सम्मान - June 19, 2026
- योग दिवस 2026: माथुर वैश्य महासभा का देशव्यापी अभियान, 175 शाखाओं में गूंजेगा ‘योग’ - June 19, 2026