आगरा। ताजनगरी के छीपीटोला निवासी 76 वर्षीय सुभाष बंसल भले ही अब इस दुनिया में नहीं रहे, लेकिन उनकी आँखें दो अंधेरी जिंदगियों को रौशन करेंगी। रविवार को उनके निधन के बाद शोकाकुल परिजनों ने दुख की घड़ी में भी धैर्य का परिचय दिया और उनकी कॉर्निया (नेत्रदान) एसएन मेडिकल कॉलेज के आई बैंक को सौंप दी। समाज के प्रति उनकी इस संवेदनशीलता की पूरे शहर में सराहना हो रही है।
डॉक्टरों की टीम ने सम्मानपूर्वक पूरी की प्रक्रिया
परिजनों की इच्छा जानकर ‘हेल्प आगरा’ के सदस्य मनीष बंसल ने तत्काल आई बैंक से संपर्क किया। एसएन मेडिकल कॉलेज की नेत्र आई बैंक प्रभारी डॉ. शेफाली मजूमदार के निर्देशन में चिकित्सकों की एक टीम उनके निवास पर पहुँची। ग्रीफ काउंसिलर दीपक शर्मा के सहयोग से पूरी नेत्रदान प्रक्रिया को अत्यंत सम्मान के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर संपन्न कराया गया।
मृत्यु के बाद सबसे बड़ी सेवा: नेत्रदान
नेत्रदान प्रभारी प्रतीक जैन और मीडिया प्रभारी नंदकिशोर गोयल ने बंसल परिवार के इस साहसी निर्णय को प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति का नेत्रदान दो नेत्रहीनों को नई दुनिया दिखा सकता है। संस्था ने नागरिकों से अपील की है कि वे भी अपने जीवनकाल में नेत्रदान का संकल्प लेकर दूसरों के जीवन में उजियारा फैलाएं।
सहायता के लिए 24 घंटे हेल्पलाइन
संस्था की ओर से बताया गया कि नेत्रदान के इच्छुक लोग या उनके परिजन 24 घंटे उपलब्ध हेल्पलाइन नंबर 9319111000 पर संपर्क कर सकते हैं। समय पर दी गई सूचना कॉर्निया को सुरक्षित रखने और जरूरतमंद तक पहुँचाने में बेहद महत्वपूर्ण होती है।
- भक्ति, देशभक्ति और संगीत का अनूठा संगम: आगरा में गूंजे शिव तांडव और बॉलीवुड के तराने, झूम उठे लोग - August 18, 2026
- फर्रुखाबाद में कुदरत का कहर: मूसलाधार बारिश से कच्ची दीवार ढही, मलबे में दबकर एक युवती की मौत और दो बच्चियां घायल - August 18, 2026
- फर्रुखाबाद में कुदरत का कहर: मूसलाधार बारिश से कच्ची दीवार ढही, मलबे में दबकर एक युवती की मौत और दो बच्चियां घायल - August 18, 2026