आगरा: आगरा के थाना सैंया क्षेत्र में पिछले माह हुई ऑटो रिक्शा चालक विजयपाल की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस, एसओजी (SOG) और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए इस जघन्य अपराध में शामिल दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में जो खुलासा किया है, वह रोंगटे खड़े कर देने वाला है।
कुकर्म की कोशिश और हत्या की खौफनाक साजिश
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान विष्णु और अमित शुक्ला के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि 14 फरवरी को उन्होंने विजयपाल का ऑटो रिक्शा 300 रुपये में किराए पर लिया था। रास्ते में तीनों ने शराब पी। रेलवे ओवरब्रिज के पास पहुंचने पर आरोपियों ने विजयपाल के साथ कुकर्म (अप्राकृतिक कृत्य) करने का प्रयास किया। जब विजयपाल ने इसका कड़ा विरोध किया, तो आरोपी उसे सड़क के नीचे खाई की ओर ले गए। वहां आरोपियों ने जबरन विजयपाल के कपड़े उतार दिए और हाथापाई के दौरान उसे पास के नाले में धक्का दे दिया।
हैवानियत यहीं नहीं रुकी; आरोपियों ने विजयपाल को पानी में तब तक दबाए रखा जब तक कि उसकी दम घुटने से मौत नहीं हो गई। हत्या के बाद आरोपी शव को नाले में ही छोड़कर फरार हो गए।
लावारिस ऑटो और कपड़ों से खुला राज
घटना के तीन दिन बाद धौलपुर (राजस्थान) निवासी हुकम सिंह ने थाना सैंया में अपने भाई विजयपाल की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तलाश के दौरान सैंया-इरादतनगर मार्ग पर विजयपाल का ऑटो लावारिस हालत में मिला और कुछ दूरी पर उसके कपड़े व चप्पल बरामद हुए। अंततः नाले से विजयपाल का शव बरामद किया गया, जिसके बाद पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए टीमों का गठन किया।
दस्तावेज और बैग बरामद
पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर लाडूखेड़ा पेट्रोल पंप के पास से दोनों हत्यारों को घेराबंदी कर दबोच लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से मृतक विजयपाल का बैग बरामद हुआ है, जिसमें उसका आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस (DL), फोटो, ऑटो की आरसी और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज मौजूद थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।
- जब टीयर्स आगरा के “स्पेशल” बच्चों ने रच दी रामायण… आंखें नम, दिल गर्व से भर गया - March 25, 2026
- योगी सरकार की बड़ी सौगात! उत्तर प्रदेश में 26 और 27 मार्च को रहेगा राम नवमी का अवकाश - March 25, 2026
- टीबी मुक्त आगरा का संकल्प: 47 ग्राम प्रधानों को मिला ‘गांधी सम्मान’, यूपी में आगरा ने गाड़े सफलता के झंडे - March 25, 2026