आगरा। आगरा पुलिस ने न्यू कैलाश विहार, गैलाना रोड स्थित जूता फैक्ट्री में तैनात गार्ड से हुई लाइसेंसी रिवॉल्वर लूट की वारदात का 9 दिन बाद खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी मुकुल को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका साथी जीतू उर्फ जितेंद्र फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
यह घटना थाना सिकंदरा क्षेत्र की है, जहां बदमाशों ने फैक्ट्री गार्ड को निशाना बनाते हुए उसका बैग, लाइसेंसी रिवॉल्वर और नकदी लूट ली थी। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था और पुलिस पर त्वरित खुलासे का दबाव बढ़ गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त के निर्देश पर एसओजी सहित कुल 10 टीमों का गठन किया गया। सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान की गई। इसी क्रम में आरोपी मुकुल को गिरफ्तार किया गया, जिसकी निशानदेही पर लूटी गई लाइसेंसी रिवॉल्वर और अन्य सामान बरामद किया गया है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि दोनों आरोपी पहले से एक-दूसरे को जानते थे और रेकी के बाद वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी जीतू उर्फ जितेंद्र की तलाश तेज कर दी गई है और संभावित ठिकानों पर दबिश जारी है।
पुलिस अधिकारियों का दावा है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय लूट गिरोह को बड़ा झटका लगा है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
- Agra News: जनकपुरी महोत्सव क्षेत्र का प्रशासनिक अधिकारियों ने किया स्थलीय निरीक्षण, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों की बनाई गई विस्तृत योजना - September 3, 2026
- Agra News: सरस्वती शिशु मंदिर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव, सजी संस्कृति की भव्य झांकियां - September 3, 2026
- माँ विंध्यवासिनी के दरबार में संगठन विस्तार: देवेंद्र तिवारी ने कुलदीप माइती को सौंपी भारतीय गौ सेवा परिषद के बंगाल प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी - September 3, 2026