आगरा: सिकंदरा क्षेत्र में कैलाश मंदिर के निकट स्थित रामलाल वृद्धाश्रम गुरुवार को परिवार से अलग हुए दो वृद्धों की शादी का गवाह बना। आमतौर पर शांत वातावरण वाले रामलाल वृद्धाश्रम में ढोल नगाड़ों की मधुर ध्वनि के बीच 66 वर्ष के मुन्नालाल और 57 वर्ष की प्रीतिलता ने विवाह रचाकर जिंदगी की नई शुरुआत की।
वृद्धाश्रम में 307 बुजुर्ग आश्रय रह रहे हैं। इसमें 166 पुरुष और 141 महिलाएं हैं। कुछ बुजुर्ग घराती बने तो कुछ बाराती। नाचते-गाते हुए बारात निकली तो दूल्हा बने मुन्नालाल भी थिरके। प्रीतिलता लाल जोड़े में सजी-धजी नजर आईं। बारात आने के बाद दूल्हा-दुल्हन ने स्टेज पर एक-दूसरे को जयमाला पहनाई और इसके बाद वैदिक रीति से विवाह सम्पन्न कराया गया।
मुन्नालाल अपनी 90 वर्षीय मां कंची देवी के साथ पिछले एक साल से रामलाल वृद्धाश्रम में रह रहे हैं। जालौन के रहने वाले मुन्नालाल के परिवार में मां के सिवाय और कोई नहीं है। जिस घर में रहते थे, उस पर चाचा-ताऊ ने कब्जा कर लिया। इन्हें बेघर होना पड़ा। वे रामलाल वृद्धाश्रम में अपनी मां के साथ एक साल रह रहे हैं।
प्रीतिलता बुलंदशहर की रहने वाली हैं। बीमारी से पति की मौत हो गई। बाद में दो बच्चियों की भी मौत हो गई।
खानदानी घर पर चाचा ने कब्जा कर लिया। किसी तरह से वे एक महीने पहले वृद्धाश्रम पहुंची। तब से यहीं रह रही हैं। यहीं पर मुन्नालाल और प्रीतिलता की मुलाकात हुई। दोनों के बीच वृद्धाश्रम में आने के कारणों पर बातचीत शुरू हुई। इसके बाद दोनों अपने दुख-दर्द एक-दूसरे से साझा करने लगे। इसी बीच मुन्नालाल ने प्रीतिलता के सामने शादी का प्रस्ताव रखा, जिसे उसने स्वीकार कर लिया। कानूनी सलाह लेने के बाद आश्रम ने भी दोनों को शादी की हरी झंडी दे दी।
- राहुल गांधी का बीजेपी पर बड़ा हमला: बोले— देश में आज भी संविधान और आरएसएस की लड़ाई; खरगे के अपमान पर कहा, शुद्धिकरण करने वालों पर होगी एफआईआर - August 29, 2026
- कानपुर में डीएम का अनोखा अंदाज: गुटखा छोड़ने की शर्त पूरी करने पर ही मिलेगा शस्त्र लाइसेंस; बोले— ‘तुम तो पीक से ही चार को गिरा दोगे’ - August 29, 2026
- आगरा में भट्टी पूजन के साथ हुआ 18वें श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का शुभारंभ: 1 से 5 सितंबर तक महालक्ष्मी मंदिर में सजेगा श्रीकृष्ण भक्ति का दरबार - August 29, 2026