सोनानगर, खेरिया मोड़ पर नगर निगम द्वारा तोड़े गये लोगों के घरों के पक्के रैंप।
आगरा। नगर निगम द्वारा बिना किसी पूर्व सूचना के शनिवार को लोगों के घरों के रैंप तोड़ दिये गये। यही नहीं घर की महिलाओं से अभद्रता भी की गयी। मामला सोना नगर, केवी नगर खेरिया मोड़ का है। यहां नगर निगम द्वारा आज सोनानगर पुलिया से अंदर की ओर नालों से अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया। जिसमेें उनके साथ नगर निगम के बाउंसरों की लंबी फौज चल रही थी। जो कि वहां के निवासियों को धमका रही थी। यही नहीं इनके साथ महिला बाउंसर भी चल रही थीं। जो वहां की निवासी महिलाओं से अभद्रता तक कर रही थीं। कुछ महिलाओं के हाथों को उन्होंने नोंच डाला।
नियमानुसार अगर किसी नाले पर अतिक्रमण किया गया है तो उसे हटाने के लिये पहले तो नगर निगम को सूचना देनी चाहिए। इस क्षेत्र में किसी भी व्यक्ति को इनके द्वारा पूर्व में कोई सूचना नहीं दी गयी। सबसे पहले श्रीराम शांति सेवा सदन की मार्केट पर इन्होंने रैंप को तोड़ा। इस मैरिज होम के स्वामी दीपक कुशवाहा का कहना है कि उन्हें किसी प्रकार की कोई सूचना पूर्व में नहीं दी गयी।
उनका कहना है कि किसी भी व्यक्ति को अपनी दुकान अथवा घर में घुसने के लिये रैंप तो बनानी ही पड़ेगी। निगम द्वारा आज न तो नाले की सफाई की गयी और न ही अस्थायी अतिक्रमण हटाये गये। केवल स्थायी स्लैपों को तोड़ा गया। इसके पश्चात मित्तल आटा चक्की पर रैंप को पूरी तरह उखाड़़ दिया गया। इसके स्वामी रामनिवास अग्रवाल ने विरोध भी किया लेकिन नगर निगम के अधिकारी डा. अजय कुमार आदि ने किसी की एक नहीं सुनी।
इसके पश्चात हरीशंकर शुक्ला , महेंद्र सिंह बघेल, श्रीदीक्षित आदि के पक्के स्लैप तोड़ दिये गये। वहीं कुछ लोगों से इन्होंने जुर्माना भी वसूला। तमाम लोगों ने इसका विरोध भी किया लेकिन उन्होंने नहीं सुनी। टीम के साथ चल रही महिलाओं ने वहां की निवासी महिलाओं से हाथापायी तक कर डाली। जिससे उनके हाथों में खरोंच भी आ गयीं। इस दौरान वहां काफी लोग जमा हो गये थे। सभी का कहना था कि अगर कोई अभियान चलाया जा रहा है तो उसकी जानकारी क्षेत्रीय लोगों को पहले से देनी चाहिए थी।
टीम के साथ चल रहे इंजीनियर ने भी किसी की एक नहीं सुनी। वैसे नगर निगम के इस अभियान से क्षेत्रीय लोगों में भय के साथ आक्रोश भी है। उनका कहना है कि यहां के निवासी अपने घरों में बिना रैंप बनाये कैसे घुसेंगे। इसके बारे में यहां के निवासियों को पहले से कुछ बताया जाना चाहिए था।
नगर निगम में अतिक्रमण हटाकर वसूला हजारों का जुर्माना
मानसून में जल भराव रोकने के लिए नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने सभी नाले नालियों से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में आज खेरिया मोड़ सोना नगर क्षेत्र में अतिक्रमण हटा कर 26000 से अधिक का जुर्माना वसूल किया गया और नाले नालियों पर बने चार दर्जन से अधिक पक्के रैंप तोड़े दिए। इस दौरान निगम की परिवर्तन टीम और लोगों के बीच तीखी बहस भी हुई।
प्रभारी परिवर्तन अधिकारी डॉ अजय सिंह के नेतृत्व में आज सुबह प्रवर्तन दल जेसीबी के साथ सोना नगर पहुंचा और नाले के ऊपर बनाए गए पक्के रैंप को तोड़ना शुरू कर दिया। नगर निगम द्वारा की गई करवाई के दौरान बड़ी संख्या और लोग इकट्ठे हो गए और अभियान का विरोध करने लगे।
अतिक्रमण करने पर इन लोगों से ₹26000 से अधिक का जुर्माना वसूला गया गया। वहीं दूसरी ओर ईदगाह में एक दुकान पर प्रतिबंधित पॉलीथिन पाए जाने पर 5000 रुपए का जुर्माना किया गया। अभियान के दौरान के जे ई पवन और एस एफआई प्रदीप गौतम भी मौजूद रहे।
रिपोर्टर- शीतल सिंह माया
- आगरा में ससुरालियों की शर्मनाक करतूत: बहू के बेडरूम-किचन में लगाए CCTV कैमरे, दहेज के लिए बच्चों संग निकाला - February 20, 2026
- Agra News: एम्बुलेंस से शराब की तस्करी, हरियाणा से प्रयागराज जा रही 46 पेटी अवैध शराब जब्त, 2 तस्कर दबोचे - February 20, 2026
- Agra News: सर्राफा बाजार में 176 किलो चांदी की बड़ी धोखाधड़ी, लखनऊ के व्यापारी पर आरोप, मुकदमा दर्ज - February 20, 2026