आगरा: आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शनिवार को जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी और विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने यमुना नदी के बल्केश्वर घाट, कैलाश घाट समेत विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर चल रही तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और विधायक सबसे पहले बल्केश्वर घाट पहुंचे, जहां घाटों की सफाई, बैरिकेडिंग, सुरक्षा इंतज़ाम, गोताखोरों की तैनाती, प्रकाश व्यवस्था और आवागमन मार्गों की स्थिति की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि छठ व्रतियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए घाटों पर प्रकाश, साइनेज, सेफ्टी बोट और परिवहन व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त रखा जाए।
उन्होंने कहा कि छठ पर्व पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी नागरिक श्रद्धा और अनुशासन के साथ पर्व मनाएं तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
तत्पश्चात डीएम और विधायक कैलाश घाट पहुंचे, जहां उन्होंने यमुना किनारे बने घाटों का निरीक्षण किया और जलस्तर व सुरक्षा प्रबंधों की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि दुर्घटना-रहित और सुविधायुक्त छठ आयोजन सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल, एडीएम नगर यमुनाधर चौहान, सहायक नगरायुक्त अशोक गौतम सहित नगर निगम और पुलिस प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट- शीतल सिंह माया
- शारदीय नवरात्रि 2026: 11 अक्टूबर से शुरू हो रहा है पावन पर्व, जानिए घटस्थापना का शुभ मुहूर्त और जरूरी पूजन सामग्री - October 9, 2026
- योगी कैबिनेट के बड़े फैसले: 18 शहरों में चलेंगी 1,725 इलेक्ट्रिक बसें, उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को मिलेंगे दो मुफ्त सिलेंडर - October 9, 2026
- योगी सरकार का बड़ा तोहफा: यूपी में पूर्व अग्निवीरों को पुलिस, वन, कारागार और परिवहन विभाग की भर्तियों में मिलेगा 20% आरक्षण - October 9, 2026