आगरा । उत्तर प्रदेश के आगरा में शनिवार को कुछ दबंगों द्वारा प्लॉट पर कब्जे की शिकायत करते-करते थक चुके सत्तर वर्षीय बुजुर्ग ने शनिवार को कलक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर अपने शरीर पर तेल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। निकट ही डीसीपी कार्यालय पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तुरंत उन्हें बचाया और जिलाधिकारी से मुलाकात करवाई।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब 12 बजे बुजुर्ग थान सिंह ने जिलाधिकारी कार्यालय के गेट पर अपने शिकायतीपत्रों की प्रतियां आसमान में उछाल दीं। इसके बाद झोले से कट्टी में भरा केरोसिन निकाल कर अपने ऊपर डाल लिया। वह माचिस जलाने ही वाले थे कि तभी डीसीपी कार्यालय पर तैनात पुलिसकर्मी दौड़ते हुए आ गए। पुलिसकर्मियों द्वारा पकड़े जाने पर बुजुर्ग थान सिंह काफी देर रोता रहा।
थाना डौकी क्षेत्र के ग्राम नदौता निवासी बुजुर्ग थान सिंह का कहना है कि उन्होंने अपनी पत्नी रामवती के नाम से अजय पचौरी से कलाल खेरिया मोहिनी विहार में प्लॉट खरीदा था। वर्ष 2012 में प्लाट की बाउंड्रीवॉल करवा कर गेट लगवा चुके हैं। दबंग भूमाफिया मोहिनी विहार के भूरा यादव, शिवचरण, गौरी शंकर, लोटन ने प्लॉट का ताला तोड़कर कब्जा कर लिया है।
बुजुर्ग थानसिंह इसकी शिकायत स्थानीय पुलिस, आला अधिकारी, समाधान दिवस सभी जगह कर चुके हैं। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। परेशान होकर वो जिलाधिकारी कार्यालय आत्मदाह करने आए थे। उन्हें उम्मीद थी कि उनकी मौत के बाद शायद उनके प्लॉट से कब्जा हटवाकर उनकी पत्नी और बच्चों को मिल जाएगा।
पुलिसकर्मियों ने बात सुनकर बुजुर्ग थान सिंह को जिलाधिकारी कार्यालय भेजा। अधिकारियों द्वारा शिकायत सुनने के बाद पुलिसकर्मियों ने बुजुर्ग को उसके घर पहुंचवाया।
- जाम के झाम से परेशान आगरा का रावतपाड़ा बाजार, रेंग रेंग कर आंगे बढ़ रहे पैदल राहगीर - October 31, 2026
- संजय प्लेस में पार्किंग बनी ‘ओपन बार’ की खबर का बड़ा असर: एक्शन में आई आगरा पुलिस, शराबियों पर सख्ती से व्यापारियों में खुशी - October 31, 2026
- ताजनगरी में ‘अमृतम् परिवार’ का भव्य दीपावली उत्सव: गरबा-डांडिया की धुनों पर थिरके कदम, आतिशबाजी से रोशन हुआ आसमान - October 31, 2026