आगरा: ताजनगरी में खाकी एक बार फिर दागदार हुई है। किरावली थाना क्षेत्र की मिढ़ाकुर पुलिस चौकी पर पुलिसिया बर्बरता का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया है। आरोप है कि महज 10 हजार रुपये की रिश्वत न मिलने पर दो दरोगाओं ने 16 वर्षीय हाईस्कूल के छात्र को इतनी बेरहमी से पीटा कि उसके हाथ में फ्रैक्चर हो गया। अब पीड़ित छात्र का भविष्य अधर में है क्योंकि सोमवार से उसकी बोर्ड परीक्षा शुरू होने वाली है।
मामूली विवाद और वसूली का ‘खूनी खेल’
घटना की शुरुआत नानपुर गांव में दो किशोरों, करन और कार्तिक के बीच हुए मामूली विवाद से हुई थी। दोनों पक्षों में समझौते की बात बन गई थी, लेकिन मिढ़ाकुर चौकी पर तैनात दरोगाओं को ‘सुविधा शुल्क’ की भूख थी। आरोप है कि दरोगाओं ने समझौते के नाम पर करन के पिता से 10 हजार रुपये मांगे। पैसे न देने पर परिजनों को घर भेज दिया गया और पीछे से छात्र करन को ‘थर्ड डिग्री’ दी गई।
पेट में लात और हाथ पर डंडे: छात्र की आपबीती
परिजनों का आरोप है कि दरोगा अनुराग ने छात्र के पेट में लात-घूंसों से प्रहार किया, वहीं दरोगा ईशान वर्मा ने डंडों से छात्र के हाथ पर वार किए। शाम को जब घरवाले चौकी पहुंचे, तो करन का हाथ सूजा हुआ और टेढ़ा था। बाद में डॉक्टरों ने पुष्टि की कि छात्र के हाथ में गंभीर फ्रैक्चर है।
आनन-फानन में कार्रवाई: दो दरोगा निलंबित
मामला तूल पकड़ते देख डीसीपी पश्चिम आदित्य सिंह ने जांच बैठाई। प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर दरोगा अनुराग और ईशान वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि परिवार तहरीर देता है, तो आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
आगरा पुलिस और ‘थर्ड डिग्री’ का पुराना नाता
यह पहली बार नहीं है जब आगरा पुलिस पर बर्बरता के आरोप लगे हैं:
जीवनी मंडी चौकी: ऑटो न चलाने पर एक नाबालिग की पिटाई, मामला डिप्टी सीएम तक पहुँचा था।
किरावली थाना: राजू शर्मा नामक व्यक्ति के दोनों पैर पुलिस कस्टडी में पीटने से टूट गए थे।
मिढ़ाकुर चौकी: अब बोर्ड परीक्षा देने जा रहे छात्र का हाथ तोड़ दिया गया।
बड़ा सवाल: क्या केवल निलंबन काफी है? अगर पिछले मामलों में जेल भेजने जैसी सख्त कार्रवाई हुई होती, तो शायद आज एक छात्र का भविष्य दांव पर न लगा होता।
- ’चलो गाँव की ओर’: लायंस क्लब और आगरा डायबिटीज फोरम ने बलदेव में लगाया मेगा हेल्थ कैंप, 500 मरीजों को मिली राहत - February 22, 2026
- Agra News: वीआईपी रोड पर ट्रैफिक नियमों के उड़े परखच्चे, सनरूफ खोलकर स्टंट करते दिखे युवा, एक्शन की तैयारी - February 22, 2026
- सलाम! विदाई के बाद ससुराल नहीं, सीधे ‘इंटरव्यू’ देने पहुंची दुल्हन; दूल्हे की समझदारी ने पेश की महिला सशक्तिकरण की मिसाल - February 22, 2026