आगरा, 07 अप्रैल। दिल्ली गेट स्थित पुष्पांजलि सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के संचालक और चिकित्सकों के खिलाफ गलत इलाज को लेकर मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़ित द्वारा मुख्यमंत्री से की गई शिकायत के बाद सीएमओ द्वारा जांच कराई गई और जांच में चिकित्सकों की लापरवाही सामने आने पर एफआईआर दर्ज कर ली गई।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, थाना हरिपर्वत में दर्ज मुकदमे में तेज गति से सोडियम चढ़ाने से मरीज के कोमा में चले जाने का आरोप लगाया गया है। हॉस्पिटल के चिकित्सकों के अलावा पैथोलॉजी के संचालक के खिलाफ भी गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।
सिरसागंज निवासी राजेश कुमार जैन ने दर्ज कराए मुकदमे में कहा है कि उन्होंने अपनी पत्नी को इलाज के लिए दिल्ली गेट स्थित पुष्पांजलि हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। इलाज के दो-तीन दिन बाद ही उनकी पत्नी कोमा में चली गई। कुछ दिन वे अस्पताल में ही इलाज कराते रहे, जब कोई सुधार नहीं दिखा तो वह पत्नी को इलाज के लिए दिल्ली ले गए। दिल्ली में चिकित्सकों ने पुष्पांजलि हॉस्पिटल में चल रहे इलाज को ग़लत बताते हुए कहा कि उन्हें गलत दवाएं दी गई हैं। जैन के अपनी पत्नी के इलाज में करीब 80 लाख रुपये खर्च हो गए।
दिल्ली के चिकित्सकों की रिपोर्ट के बाद पीड़ित राजेश कुमार जैन ने मुख्यमंत्री को शिकायत की। मुख्यमंत्री के आदेश पर सीएमओ आगरा ने चिकित्सकों की टीम गठित कर जांच कराई। टीम ने इस मामले में जांच के बाद माना कि हॉस्पिटल में अनट्रेंड पैरामेडिकल स्टाफ और चिकित्सकों की लापरवाही से मरीज कोमा में पहुंच गई थी। टीम ने इस मामले में हॉस्पीटल को दोषी करार दिया।
सीएमओ द्वारा गठित टीम की रिपोर्ट आने के बाद राजेश जैन ने पुलिस कमिश्नर से मुलाक़ात की। पुलिस आयुक्त के निर्देश के बाद थाना हरीपर्वत पुलिस ने हॉस्पिटल और नामज़द चिकित्सकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पीड़ित ने मुकदमे में पुष्पांजलि हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के साथ ही इसके संचालक वीडी अग्रवाल, हॉस्पिटल के डायरेक्टर, मेडिसन विभाग के डॉ. विश्वदीपक, डॉ. हेमेंद्र अग्रवाल, कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. मनीष शर्मा, एनेस्थिसिया विभाग के डॉ. पुनीत मित्तल और डॉ. लाल पैथ लैब्स लिमिटेड को नामजद किया है। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
- उप्र के मुख्यमंत्री जी ने नया विश्व रिकॉर्ड बनाया, 7000 करोड़ का कॉस्मेटिक फेशियल करवाया: अखिलेश यादव - August 7, 2026
- कुछ लोग जीवन भर ‘बच्चे’ ही बने रहते हैं, ‘बबुआ’ भी यही करते थे… सीएम योगी का सपा प्रमुख पर तीखा हमला, बोले- भाई-भतीजेवाद में डूबी थी पुरानी सरकारें - August 7, 2026
- आगरा में 1 सितंबर से सजेगा श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव: वृंदावन के प्रेम मंदिर की तर्ज पर बनेगा 40×60 फीट का विशाल झूला मंच - August 7, 2026