आगरा। शमसाबाद क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक गंभीर सड़क दुर्घटना हुई, जब तेज रफ्तार ईको गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में ईको में सवार आठ लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना आगरा–शमसाबाद रोड पर वाकलपुर पेट्रोल पंप के पास हुई, जिसके बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही डायल 112, शमसाबाद थाना पुलिस और पीआरवी की टीम मौके पर पहुंच गई। जांच में पता चला कि ईको गाड़ी शमसाबाद से आगरा की ओर जा रही थी और उसे अनिल कुमार तिवारी पुत्र ओमप्रकाश तिवारी चला रहे थे। प्रारंभिक जांच में अनुमान लगाया गया कि चालक संभवतः शराब के नशे में था, जिसके कारण वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सीधे डिवाइडर से टकरा गई।
हादसे में घायल लोगों की पहचान इस प्रकार हुई—29 वर्षीय जीतू, 34 वर्षीय पवन, 15 वर्षीय देवा, 21 वर्षीय विशाल, विष्णु, दुर्गपाल, कृष्णकान्त त्यागी और भूरी सिंह। ये सभी फिरोजाबाद जिले के थाना पचोखरा क्षेत्र के एटा सलेमपुर के रहने वाले बताए गए हैं।
दुर्गपाल और कृष्णकान्त त्यागी की स्थिति गंभीर होने पर उन्हें तत्काल एस.एन. मेडिकल कॉलेज, आगरा रेफर किया गया। शमसाबाद थाना प्रभारी पवन कुमार सैनी ने बताया कि सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेज दिया गया है। क्षतिग्रस्त ईको वाहन को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामला दर्ज कर लिया है और शराब पीकर वाहन चलाने के आरोप की पुष्टि की जा रही है।
- आगरा में गुंडागर्दी: टोकने पर भड़के नशेड़ी युवक, साथियों के साथ मिलकर दुकानदार की बेरहमी से की पिटाई - June 16, 2026
- Agra News: महिला से बैग लूटने वाले दो शातिर बदमाश गिरफ्तार, 72 घंटे के भीतर पुलिस ने जेवर और नकदी बरामद की - June 16, 2026
- आगरा: सड़क हादसे के बाद बवाल करने वालों पर पुलिस का शिकंजा, सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में 19 दबोचे - June 16, 2026