आगरा। थाना सदर क्षेत्र के नगला काछियान में मंगलवार रात एक शादी समारोह उस समय रणभूमि में बदल गया, जब गाड़ी खड़ी करने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते बड़े बवाल में बदल गया। कुछ ही मिनटों में हालात इतने बिगड़ गए कि दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे, पथराव हुआ और दावत में पहुंचे मेहमान दहशत में इधर-उधर भागने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मेहमान शांतिपूर्वक भोजन कर रहे थे कि तभी अचानक शोर-शराबा शुरू हो गया। देखते ही देखते दो गुटों के बीच कहासुनी मारपीट में बदल गई। पत्थरबाज़ी और झगड़े के दौरान महिलाओं व बच्चों में चीख-पुकार मच गई। कई लोग अपनी प्लेटें छोड़कर जान बचाने के लिए दौड़ पड़े।
पीड़ित अख्तर खान ने बताया कि करीब 40–50 लोग जबरन शादी समारोह में घुस आए थे। इन लोगों ने मेहमानों के साथ बदसलूकी की, खाना फेंक दिया, टेंट में तोड़फोड़ की और पथराव किया। घटना में चार लोग घायल हो गए जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस को देखते ही हमलावर फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित पक्ष से बयान लिए और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
अख्तर खान की तहरीर पर पुलिस ने करीब 60 नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उपद्रवियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं, क्योंकि शादी जैसे निजी कार्यक्रम में इस तरह भीड़ का घुसकर उपद्रव करना बेहद चिंताजनक है।
- अयोध्या राम मंदिर के CEO पद के लिए इंटरव्यू शुरू: 3 पूर्व IAS, एक IPS और 4 पूर्व सैन्य अफसरों सहित 8 दिग्गजों ने दी परीक्षा - August 11, 2026
- 46 साल की लंबी कानूनी लड़ाई जीती, 85 वर्ष के पूर्व दरोगा को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने दिया इंस्पेक्टर पद पर पदोन्नति का आदेश - August 11, 2026
- सावन में शिवमय हुआ आगरा का श्री खाटू श्याम मंदिर: महा रुद्राभिषेक और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजा प्रांगण - August 11, 2026