आगरा: अक्षय कुमार की फिल्म ‘ओह माय गॉड 2’ फ़िल्म का विरोध होना शुरू हो गया है। राष्ट्रीय हिंदू परिषद भारत के कार्यकर्ताओं ने फूल सैय्यद चौराहे पर उग्र प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान ‘OMG 2’ फिल्म के पोस्टर जलाए गए, साथ ही भगवान शंकर के रूप में हिन्दू भावनाओं को आहत करने वाले सीन को हटाने की मांग की है।
राष्ट्रीय हिंदू परिषद भारत के कार्यकर्ताओं ने फूल सैयद चौराहे ओएमजी 2 फिल्म के विरोध में जमकर प्रदर्शन किया। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोविंद पाराशर ने अक्षय कुमार के पोस्टर पर पहले कालिख पोती फिर उस पर जमकर जूते बरसाए। संगठन के अध्यक्ष ने कहा कि फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार इसी लायक हैं और उनका स्वागत सत्कार इसी तरह से होना चाहिए। क्योंकि फिल्म में भगवान शिव का रूप धारण करके जो उन्होंने कृत्य कर भगवान शिव को अपमानित किया है उसके लिए यह सजा भी कम है।
राष्ट्रीय हिंदू परिषद भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोविंद पाराशर ने कहा कि फिल्म भगवान शिव को गंदे पानी से नहलाते हुए दिखाया जा रहा है। कुछ ऐसे शॉट्स भी हैं जिन्हें हम दरकिनार नहीं कर सकते। इस फिल्म में सनातन धर्म के साथ-साथ भगवान शिव का अपमान किया गया है। अगर इस फिल्म को बैन नहीं किया गया तो हिंदूवादी संगठन सड़कों पर होंगे।
प्रदर्शन के दौरान संगठन के कार्यकर्ताओं ने कहा कि इस फिल्म को किसी भी कीमत पर सिनेमाघरों में संचालित नहीं होने दिया जाएगा। अगर इस फिल्म को कोई भी सिनेमाघर अपने यहां चलाएगा तो उस पर प्रदर्शन होगा और हॉल में हुई तोड़फोड़ के लिए सिनेमाघर मालिक ही जिम्मेदार होगा।
अक्षय कुमार पर रखा यह इनाम
राष्ट्रीय हिंदू परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोविंद पाराशर ने ऐलान किया कि जो भी व्यक्ति अक्षय कुमार को जूते की माला पहनाएगा और उसके मुंह पर थूकेगा तो उसे व्यक्ति को 10 लाख रुपए का इनाम संगठन की ओर से दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अक्षय कुमार इस देश का नहीं है। उसे तो भारत से बाहर भेज देना चाहिए, साथ ही उसकी भारतीय नागरिकता भी रद्द कर देनी चाहिए। क्योंकि जो लोग सनातन संस्कृति और हिंदू देवी देवताओं का अपमान करते है वो हिंदू संस्कृति से जुड़े नहीं हो सकते।
आस्था से खिलवाड़ बंद हो-साध्वी ऋतंभरा
फिल्म ओएमजी-2 के विरोध में वृंदावन से साध्वी ऋतंभरा भी बड़ा बयान दे चुकी हैं। अपने आश्रम वात्सल्य ग्राम में एक कार्यक्रम के दौरान साध्वी ऋतंभरा ने कहा, “यह तो हिंदू धर्म की शिथिलता है, जिस वजह से बॉलीवुड बार-बार ऐसा दुस्साहस करता है। अगर बॉलीवुड किसी और धर्म के इष्ट पर टिप्पणी करने लगे, तो नारे लगने शुरू हो जाते हैं। पहले भी ऐसा हो चुका है कि फिल्मों में देवी-देवताओं का अपमान किया गया है। आस्था के साथ खिलवाड़ नहीं होना चाहिए।” साध्वी ने कहा, “हिंदुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ किसी के लिए भी उचित नहीं है। बॉलीवुड अगर ऐसा करता है तो पूरा हिंदू समाज प्रखरता से विरोध करे। भगवान शिव की भक्ति और उनके अलौकिक रूप के साथ कोई खिलवाड़ नहीं होना चाहिए।”
उज्जैन के महाकाल के पुजारियों ने भी ओएमजी-2 से महाकाल परिसर में फिल्माए गए दृश्यों को हटाने की बात कही है। पुजारियों का कहना है कि इस फिल्म में अश्लील सीन हैं। महाकाल मंदिर के साथ इस तरह के सीन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
दरअसल, फिल्म की कहानी उज्जैन में रहने वाले भगवान शिव के परम भक्त कांति शरण मुदगल (पंकज त्रिपाठी) के इर्द-गिर्द बुनी गई है। जीवन की मुश्किल परिस्थितियों में कांति के सामने भगवान प्रकट होते हैं और उसके जीवन में आने वाली चुनौतियों को हल करने में उसकी मदद करते हैं। अमित राय के निर्देशन में बनी इस फिल्म से जुड़े निर्माताओं का कहना है कि टीजर में अक्षय कुमार को भगवान शिव के नहीं, बल्कि उनके दूत के रूप में दिखाया गया है। फिल्म वर्ष 2012 में रिलीज परेश रावल और अक्षय कुमार की फिल्म ओएमजी का सीक्वल है। पहले पार्ट में अक्षय कुमार ने श्रीकृष्ण का रोल किया था।
बता दें कि फिल्म ओएमजी-2 11 अगस्त को रिलीज होनी है। सेंसर बोर्ड ने इस फिल्म को ए सर्टिफिकेट दिया है। यानि 18 साल से कम उम्र के लोगों के लिए यह फिल्म नहीं है। फिल्म पहले से ही विवादों में थी, वहीं ए सर्टिफिकेट मिलने के बाद इसका विरोध और तेज हो गया है।
- हापुड़ में विज्ञापन को लेकर हुए विवाद में पत्रकार की पीट-पीटकर हत्या, आटा मिल के पास हुई वारदात से सनसनी - October 19, 2026
- लखीमपुर खीरी में सनसनीखेज घटना: खेत में अलग-अलग पेड़ों से लटके मिले विवाहिता और युवक के शव, मौके पर जुटी भारी भीड़ - October 19, 2026
- लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की मौत का मामला: पहली बार मीडिया के सामने आई श्रद्धा दुबे, हत्या के आरोपों को नकारा और बताया आत्महत्या - October 19, 2026