आगरा। शमसाबाद कस्बे में गुरुवार को सरेराह सड़क पर गुंडई हुई। युवकों के एक समूह ने एक कोचिंग संचालक पर हमला बोल दिया। जमीन पर गिराकर लाठी-डंडों से जमकर पिटाई की गई। हमलावर कोचिंग संचालक की चेन, घड़ी और ब्रेसलेट लूट ले गए। इस घटना का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें भीड़ के बीच हमलावर कोचिंग संचालक पर डंडों से प्रहार करते दिख रहे हैं।
सुशांत शर्मा कस्बा शमसाबाद में कोचिंग चलाते हैं। सुशांत ने बताया कि आज जब वे कोचिंग के बाहर खड़े थे, तभी तीन लड़के उनके पास आए और कहा कि ये कोचिंग तेरी है। उनके हां कहने पर अभद्रता करने लगे। इस बीच एक लड़के ने उन्हें थप्पड़ मारा। विरोध करने पर तीनों ने मारपीट शुरू कर दी। दर्जनों अन्य लड़के भी आ गए और उन्हें जमीन पर गिराकर लाठी-डंडों से जमकर पीटा। हमलावर उनके गले से सोने की चेन, हाथ में बंधी घड़ी और ब्रेसलेट खींच ले गए।
सुशांत ने अपने ऊपर हमले की जानकारी 112 पर पुलिस को दी। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, हमलावर भाग चुके थे। सुशांत का कहना है कि वे हमलावरों को नहीं जानते, लेकिन उन्हें बताया गया है कि ये लोग कुतुकपुर गांव के रहने वाले हैं।
उधर सूत्रों ने विवाद के पीछे वाहन साइड में लगाते समय हुई कहासुनी बताई है।
- आगरा जिलाधिकारी का सख्त निर्देश: होटलों को 10 और अस्पतालों को 20 प्रतिशत ही मिलेंगे व्यावसायिक सिलेंडर - March 25, 2026
- फतेहपुर सीकरी को बड़ी सौगात: ₹28.15 करोड़ की लागत से बना अकबरा-पनवारी ओवरब्रिज शुरू, विधायक चौधरी बाबूलाल ने किया लोकार्पण - March 25, 2026
- आगरा के जैतपुर में ‘दबंगई’ का तांडव: पेट्रोल पंप पर मामूली विवाद के बाद ताबड़तोड़ फायरिंग, दहशत में इलाका - March 24, 2026