Agra News: देवउठनी एकादशी पर मंदिरों में गूंजी मंगलध्वनियाँ, तुलसी–शालिग्राम विवाह ने रचा दिव्य उत्सव

RELIGION/ CULTURE

आगरा: देवउठनी एकादशी के पावन पर्व पर शनिवार को पूरे आगरा में भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिरों में घंटे-घड़ियालों की गूंज, पुष्प सज्जा की सुगंध और भजनों की मधुर धुनों से नगर का वातावरण पूर्णतः आध्यात्मिक हो गया। तुलसी–शालिग्राम विवाह, श्याम बाबा जन्मोत्सव और वैदिक अनुष्ठानों ने देव नगरी की पहचान को और भी उज्जवल कर दिया।

मनःकामेश्वर मंदिर में सम्पन्न हुआ भव्य तुलसी–शालिग्राम विवाह

रावतपाड़ा स्थित श्री मनःकामेश्वर मंदिर में “हरे बांस मंडप पर छाए, तुलसा जी को ब्याहने शालिग्राम आए…” के भजनों के बीच तुलसी–शालिग्राम विवाह उत्सव हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। श्री मनःकामेश्वर महिला मंडल द्वारा आयोजित इस धार्मिक आयोजन में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए।

मंदिर परिसर से निकली भव्य वर यात्रा सुभाष बाजार, जौहरी बाजार, रावतपाड़ा और दरेसी मार्ग से होती हुई मंदिर वापस लौटी। जयकारों और पुष्पवर्षा से पूरा मार्ग भक्तिमय हो उठा।

विवाह संस्कार श्रीमहंत योगेश पुरी और मठ प्रशासक हरिहर पुरी के निर्देशन में वैदिक विधि से सम्पन्न हुआ। मुख्य यजमान नीलिमा गुप्ता और राहुल गुप्ता ने तुलसी माता का कन्यादान किया।

महिला मंडल की दीप्ति गर्ग ने बताया कि पूरे कार्तिक मास में तुलसी माता का विशेष पूजन कर आज विवाह संस्कार की पूर्णाहुति की गई।

महालक्ष्मी मंदिर, बल्केश्वर में गूंजे वैदिक मंगलध्वनि

यमुना तट स्थित श्री महालक्ष्मी मंदिर, बल्केश्वर में भी तुलसी–शालिग्राम विवाह वैदिक विधियों के साथ सम्पन्न हुआ। मंदिर को दीपों और पुष्पों से सुसज्जित किया गया।

श्री महालक्ष्मी भक्त मंडल और श्री देवीजी मंदिर ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में हुए इस आयोजन में पंडित रमाकांत पांडे ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विवाह संस्कार सम्पन्न कराया। वधु पक्ष से मनीष और मोनिका गोयल तथा वर पक्ष से हेमंत और पायल मोहता ने धार्मिक रीति-रिवाज निभाए।

मंदिर समिति के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि यह आयोजन सनातन परंपराओं के संरक्षण और भक्तों के आध्यात्मिक उत्थान हेतु हर वर्ष किया जाता है।

खाटू श्याम जी मंदिर में ‘लिफ्ट सेवा’ का शुभारंभ

जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में देवउठनी एकादशी और श्याम जन्मोत्सव के अवसर पर श्रद्धा का सागर उमड़ पड़ा।

मंदिर प्रबंधन ने इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग भक्तों के लिए निःशुल्क “लिफ्ट सेवा” की शुरुआत की। विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने लिफ्ट सेवा का शुभारंभ किया।

दिनभर छप्पन भोग, फूल बंगला सजावट, विशेष श्रृंगार और भजन संध्या का आयोजन हुआ। भजन “हारे के सहारे बनो सरकार श्याम…” ने वातावरण को भावविभोर कर दिया।

मंदिर समिति के अध्यक्ष दिनेश अग्रवाल ने बताया कि आगरा का यह मंदिर उत्तर भारत का प्रमुख श्याम धाम है, जहां हर वर्ष लाखों भक्त दर्शन के लिए आते हैं।

पारस पर्ल्स अपार्टमेंट में महिलाओं की अनोखी ‘भक्ति बरात’

देवउठनी एकादशी पर पारस पर्ल्स अपार्टमेंट के श्री राधा–कृष्ण मंदिर में भी तुलसी–शालिग्राम विवाह उत्सव बड़े उल्लास से सम्पन्न हुआ। अपार्टमेंट की महिलाएं बैंड–ढोल के साथ बरात बनकर पूरे परिसर में निकलीं, जबकि पारस पर्ल्स एक्सटेंशन की महिलाएं घराती बनीं।

वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पुजारियों ने विवाह संस्कार सम्पन्न कराया। कार्यक्रम के अंत में भोज प्रसादी का आयोजन हुआ।

युविका शर्मा, शिखा जैन, गीतिका लूथरा, प्रीति उपाध्याय, सीमा उपाध्याय सहित कई महिलाएं इस अनूठे आयोजन में सम्मिलित रहीं।

— रिपोर्ट: UP18 न्यूज़, आगरा

Dr. Bhanu Pratap Singh